Shahjahanpur News: खुटार में सरकारी जमीन को ही बेच डाला
खुटार। नवीन परती में दर्ज बेहद कीमती सरकारी भूमि को एक व्यक्ति ने बेच दिया। नायब तहसीलदार की रिपोर्ट के बाद तहसीलदार के आदेश पर लेखपाल राहुल कुमार ने जमीन बेचने वाले और खरीदने वाले तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि नायब तहसीलदार की 28 जून की आख्या के अनुसार खुटार के गांव ढाका खुर्द की गाटा संख्या 93 राजस्व अभिलेखों में नवीन परती के रूप में दर्ज है। धोखाधड़ी कर कूटरचित दस्तावेज तैयार करवाकर विक्रय पत्र तैयार किया और 14 अक्तूबर, 2020 को गांव ढाका खुर्द कलां के रंजीत सिंह ने जमीन को कुरैया खानपुर के सुरेंद्र सिंह, हरदीप सिंह, पुवायां के मोहल्ला कसभरा मठिया के राहुल सक्सेना को बैनामा कर दिया।
सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा भी कर लिया गया है। पुलिस ने रंजीत सिंह, सुरेंद्र सिंह, हरदीप सिंह और राहुल सक्सेना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ढाका खुर्द कलां में काफी महंगी बिकती है जमीन
ढाका खुर्द कलां गांवसभा रौतापुर का मजरा है। रौतापुर कलां खुटार पुवायां मार्ग से एक किमी अंदर बसा है, लेकिन ढाका खुर्द कलां की अधिकांश जमीन रोड के किनारे है। यहां राजकीय डिग्री कॉलेज भी बन चुका है। रोड के किनारे होने के कारण यहां जमीनों के रेट काफी ऊंचे हैं। इस कारण भी लोगों की निगाह सरकारी जमीन पर रहती है। यहां नवीन परती की काफी जमीन है।