Shahjahanpur News: विद्यार्थियों ने सुना प्रधानमंत्री का उद्बोधन

कंपोजिट विद्यालय अटसलिया में सीधा प्रसारण देखते विद्यार्थी व शिक्षिकाएं।
शाहजहांपुर। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की तीसरी वर्षगांठ के पर शनिवार को नई दिल्ली के प्रगति मैदान में हुए कार्यक्रम के उद्घाटन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्बोधन हुआ। इसको लेकर मुहर्रम के बावजूद विद्यालय खुले और सीधा प्रसारण दिखाया गया।
केंद्रीय विद्यालय नंबर दो के पुस्तकालय, सीएमपी कक्ष, संगणक प्रयोगशाला तथा प्राचार्य कक्ष में सीधा प्रसारण हुआ। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने कार्यक्रम में शामिल होकर प्रधानमंत्री का भाषण सुना और इसके लक्ष्यों के बारे में जानकारी प्राप्त कर ज्ञानार्जन किया। इससे पहले विद्यार्थियों को उप प्राचार्य विजय प्रकाश ने पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी। प्राचार्य परवेज हुसैन ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत ही पढ़ाई होगी।
माध्यमिक व परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने देखा सीधा प्रसारण
अखिल भारतीय शिक्षा समागम कार्यक्रम का सीधा प्रसारण माध्यमिक व परिषदीय विद्यालयों में भी विद्यार्थियों व शिक्षक-शिक्षिकाओं ने देखा। ब्लॉक भावलखेड़ा के कंपोजिट विद्यालय अटसलिया में बच्चों को एलईडी पर प्रसारण दिखाया गया। शिक्षिका दपिंदर कौर और निकहत परवीन ने नई शिक्षा नीति के तहत होने वाली पढ़ाई की जानकारी दी। कंपोजिट विद्यालय रोटी गोदाम, किला, खलीलशर्की, प्राथमिक विद्यालय एमनजई जलालनगर, पुख्ता तालाब समेत समस्त विद्यालयों में भी प्रसारण देखा गया। माध्यमिक शिक्षा के जीआईसी, एसपी कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, डॉ. सुदामा प्रसाद बाल विद्या मंदिर कन्या इंटर कॉलेज, आर्य महिला इंटर कॉलेज आदि में भी विद्यार्थियों ने कार्यक्रम देखा।