Shahjahanpur News: लूट के शिकार दंपती का बताया कार का नंबर फर्जी निकला
शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के गांव जलालपुर में चलती कार में आरसी मिशन क्षेत्र के दनियापुर निवासी रामकृपाल व उनकी पत्नी कमला देवी के साथ लूट का खुलासा नहीं हो सका है। दंपती द्वारा बताया कार का नंबर भी फर्जी निकला है।
13 जुलाई को कमला देवी का आंख की दवा दिलाने जा रहे रामकृपाल भट्ठा चौराहे के पास वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी लिफ्ट देने की बात कहते हुए शाहबाद की तरफ से आई कार ने दंपती को बैठा लिया। रास्ते में मारपीट करने के बाद उनसे नकदी व ज्वैलरी लूट ली थी। मामले में आरसी मिशन थाने में केस दर्ज किया गया था। पुलिस की पूछताछ में रामकृपाल ने उन्हें गाड़ी का नंबर बताया था।
पुलिस की जांच में उस नंबर की गाड़ी अपने घर में खड़ी मिली है। माना जा रहा है कि लुटेरों ने फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग किया है। सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।