शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: रोशनी से नहाया शहर, आज शान से लहराएगा राष्ट्रीय ध्वज

Connect News 24

The city bathed in light, today the national flag will proudly wave

शाहजहांपुर में पुलिस लाइंस में ​शिलाफलकम का लोकार्पण करते वित्त मंत्री सुरेश खन्ना

शाहजहांपुर। स्वतंत्रता दिवस का पर्व मंगलवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। देश की आजादी को याद करते हुए सरकारी, गैरसरकारी व शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण के साथ ही मंदिर-मस्जिदों, गुरुद्वारों में सामूहिक रूप से प्रार्थना होगी। स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। 15 अगस्त की पूर्व संध्या पर विभिन्न सरकारी और अर्द्धसरकारी इमारतें रंग-बिरंगी झालरों से जगमगा उठीं।

मंगलवार की सुबह देशभक्ति से सराबोर होगी। सुबह छह बजे धार्मिकस्थलों व मदरसों में सामूहिक प्रार्थना सभा से आगाज होगा। उसके बाद साढ़े छह बजे बीएसए रणवीर सिंह के नेतृत्व में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। उसके बाद साढ़े सात बजे गांधी पार्क मंडी में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण होगा।

7:30 बजे टाउन हाल स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, सुभाषचंद बोस व काकोरी एक्शन के अमर नायकों की मूर्ति पर जिला पंचायत अध्यक्ष, डीएम, एसपी, नगर आयुक्त व नगर मजिस्ट्रेट आदि माल्यार्पण करेंगे। 7:45 बजे बिस्मिल स्मारक में अधिकारी पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। पुलिस के रंगरूट, एनसीसी के कैडेट परेड करते हुए खिरनीबाग रामलीला मैदान तक आएंगे। इस दौरान सभी को राष्ट्रीय एकीकरण की प्रतिज्ञा दिलाई जाएगी।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर चला चेकिंग अभियान

15 अगस्त की पूर्व संध्या पर एसपी अशोक मीणा के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया। रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डा व भीड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध लोगों की तलाशी ली गई। होटलों, ढाबों पर पुलिस ने तलाशी ली। हालांकि पुलिस को कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु नहीं मिली।

सोमवार की शाम को पुलिस फोर्स स्टेशन रोड होते हुए रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। यहां पर टिकट काउंटर, सरकुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म आदि पर चेकिंग की गई। यात्रियों के बैग भी तलाशे गए। उसके बाद रोडवेज बस अड्डे पर चेकिंग अभियान चलाया गया। भीड़ वाले स्थानों पर पुलिस ने आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। उसके बाद होटलों-ढाबों पर संदिग्ध लोगों की तलाशी ली गई। हालांकि, कोई अराजकतत्व पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है।

वित्त मंत्री ने किया शिलाफलकम का लोकार्पण

आजादी के अमृत महोत्सव के समापन के अंतर्गत मेरी माटी, मेरा देश अभियान के क्रम में पुलिस लाइन में शिलाफलकम का लोकार्पण वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने किया। उन्होंने अमृतकाल के पंचप्राण की शपथ भी दिलाई। लखनऊ से हेलिकाप्टर से आए वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने संबोधित भी किया। उन्होंने देश की स्वतंत्रता संग्राम पर इतिहास डाला। इस मौके पर सांसद अरुण सागर, महापौर अर्चना वर्मा, डीपीएस राठौर, सीडीओ एसबी सिंह, एसपी सिटी सुधीर जायसवाल, एसपी ग्रामीण संजीव वाजपेयी, सीओ सिटी बीएस वीर कुमार, सीओ सदर अमित चौरसिया आदि मौजूद रहे।

जिला प्रशासन के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे जितिन प्रसाद

शाहजहांपुर। लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। मंत्री के मीडिया प्रभारी विनीत मिश्र ने बताया कि जितिन प्रसाद सुबह 8.00 बजे शहीद संग्रहालय में ध्वजारोहण कर पंच प्रण की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद 08.10 बजे शिलाफलकम का अनावरण, पौधरोपण एवं शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे। सुबह 8.30 बजे छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र वितरित करेंगे। 08.45 बजे शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित करेंगे। 8.50 बजे जनपद के उत्कृष्ट कर्मचारियों एवं व्यक्तियों को सम्मानित करेंगे। 9.00 बजे कार्यक्रम में उद्बोधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वतंत्रता दिवस पर उद्बोधन का लाइव प्रसारण सभी के साथ सुनेंगे। संवाद

शाहजहांपुर में पुलिस लाइंस में शिलाफलकम का लोकार्पण करते वित्त मंत्री सुरेश खन्ना

शाहजहांपुर में पुलिस लाइंस में शिलाफलकम का लोकार्पण करते वित्त मंत्री सुरेश खन्ना


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button