Shahjahanpur News: सराफा की दुकान का शटर तोड़कर लाखों की चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Tue, 21 Nov 2023 12:37 AM IST

अल्हागंज में सराफा व्यापारी की दुकान में बिखरा पड़ा सामान। स्रोत-जागरुक पाठक
अल्हागंज। थाना क्षेत्र में पुलिस पिकेट से थोड़ी दूरी पर गांव रघुनाथपुर निवासी सौरभ सिंह की ज्वेलरी की दुकान के शटर को चोरों ने तोड़ दिया। चोर यहां से करीब आठ लाख रुपये के आभूषण चोरी कर ले गए। चोरी की घटना से व्यापारियों में पुलिस के खिलाफ रोष है।
सराफा व्यापारी सौरभ सिंह अपनी दुकान को निर्धारित समय पर बंद कर घर चले गए थे। रविवार की रात करीब 12 बजे वह दुकान की तरफ से गुजरे थे, तब सब ठीक था। आधी रात के बाद चोरों ने दुकान का शटर को तोड़कर अंदर प्रवेश कर लिया। अंदर गैलरी का ताला भी तोड़ दिया। चोरों ने अलमारी का लॉक तोड़ने के बाद 30 जोड़ी चांदी की पायल, आठ गिलास, आठ बिछुआ, डेढ़ किलो चांदी के बिछिया, 60 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिए। सुबह जानकारी होने पर सौरभ सिंह मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस ने मौका-मुआयना किया। व्यापारी ने बताया कि चोर करीब आठ लाख रुपये का माल चोरी कर ले गए हैं।
दीवारों में नकब लगाने का प्रयास
चोरों ने दो दीवारों में नकब लगाने का प्रयास किया। सफलता नहीं मिलने के बाद शटर को तोड़कर अंदर घुस गए। इतना सबकुछ होता रहा और 30 मीटर की दूरी पर बैठी पुलिस पिकेट को भनतक नहीं लगी है। पुलिस पिकेट से कुछ दूरी पर चोरी की वारदात होने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा होने लगे हैं। तीन दिन पहले भी गल्ला मंडी में चोरी की चार घटनाएं हो चुकी हैं।