Shahjahanpur News: अंडरग्राउंड केबल के जंपर जले, हथौड़ा-रोजा के 20 हजार घरों की बिजली गुल

शाहजहांपुर में हथौड़ा विद्युत उपकेंद्र के सामने लाइन पर जंपर जलने से गुल हुई थी बिजली
शाहजहांपुर। अंडरग्राउंड केबल के जंपर जलने से मंगलवार रात हथौड़ा और रोजा विद्युत उपकेंद्र की लाइन ट्रिप हो गई। दोनों विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े करीब 20 हजार उपभोक्ता अंधेरे में करवट बदलते रहे। लगातार बिजली गायब रहने से इन्वर्टर डाउन हो गए। सुबह पांच बजे बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
220 केवी पैना ट्रांसमिशन से हथौड़ा और रोजा के लिए 33 केवी लाइन की दो लाइनें आती हैं। मंगलवार रात करीब 12 बजे रोजा की लाइन ट्रिप होने से सात हजार उपभोक्ताओं के घरों की बिजली गुल हो गई। लाइन चालू न होने पर इंजीनियरों ने हथौड़ा की इंटरकनेक्ट लाइन से रोजा को जोड़कर बिजली आपूर्ति सुचारू करने का प्रयास किया, लेकिन 10 मिनट के बाद हथौड़ा विद्युत उपकेंद्र की लाइन भी बंद हो गई।
विद्युत उपकेंद्र के करीब 13 हजार उपभोक्ता भी बिजली गुल होने से बेहाल हो गए। भीषण गर्मी में लोगों को काफी दिक्कतों से दो-चार होना पड़ा। लोगों ने उपकेंद्र पर फोन करना शुरू कर दिए। जहां से उन्हें फाल्ट होने की जानकारी दी गई। इस बीच करीब 20 हजार कनेक्शनधारकों को परेशानी उठानी पड़ी। रात में रोजा विद्युत उपकेंद्र के जेई जयंत कुमार के नेतृत्व में लाइन की जांच की गई। सुबह करीब पांच बजे हथौड़ा विद्युत उपकेंद्र के सामने अंडरग्राउंड केबल के जंपर जले मिले। उन्हें सही करने के बाद आपूर्ति बहाल की गई।
तीन दिन से टूटा तार नहीं जोड़ा, दो गांवों की बिजली गुल
जलालाबाद। ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ता बिजली कटौती से ज्यादा उर्जा निगम के कर्मचारियों की मनमानी से परेशान हैं। तीन दिन पहले आई आंधी के दौरान गांव मंगटोरा के पास तार टूट जाने से याकूबपुर और मझरेता गांव की बिजली गुल है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार कहने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। जिससे तीन दिनों से दोनों गांवों के लोग बिजली न आने से भीषण गर्मी में परेशान हैं। आरोप है कि संविदा लाइनमैन तार जोड़ने के लिए सुविधाशुल्क मांग रहा है।
गांव के राजेंद्र फौजी, मदन सिंह, रामकुमार यादव, कृष्णपाल सिंह आदि ने बताया कि बिजली न आने से फसलों की सिंचाई भी नहीं हो पा रही है। एसडीओ महेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें इस समस्या की जानकारी नहीं है। जल्द ही दोनों गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल कराई जाएगी। रिश्वत मांगे जाने का आरोप निराधार है।