Shahjahanpur News: त्योहारों पर अतिरिक्त ट्रेनों के चलने का इंतजार
– दीपावली व भैया दूज पर दूरदराज से लोगों का होना है आना-जाना
– कई लोगों ने पहले से करवा लिए रिजर्वेशन, अब नहीं मिल रहीं सीट
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। दीपावली और भैया दूज को दो हफ्ते से भी कम समय रह गया है । यात्रियों को अब तक रेलवे द्वारा अतिरिक्त ट्रेनें चलाए जाने का इंतजार है। हालांकि संचालित ट्रेनों में कई लोगों ने महीनों पहले ही रिजर्वेशन करवा लिया है।
शाहजहांपुर से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, बिहार को जाने वाली ट्रेनों में दीपावली और भैयादूज के दौरान सीटें फुल रहेंगी। इन स्थानों पर जाने और आने वाली ट्रेनों में रिजर्वेशन कराने पर लोगों को सीटें नहीं मिल रहीं हैं।
किसी ट्रेन में 100, तो किसी में 200 तक वेटिंग हो गई है। इसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें त्योहारों पर अतिरिक्त ट्रेनों के चलने का इंतजार हैं। रेलवे की ओर से अभी शाहजहांपुर में रुक कर चलने वालीं अतिरिक्त ट्रेन का इंतजार है।
स्टेशन अधीक्षक पीएस तोमर ने बताया कि त्योहारों पर रेलवे की ओर से अतिरिक्त ट्रेनों के चलाने की घोषणा कर दी जाती है, इस बार ऐसा नहीं हुआ है। आने वाले दिनों में घोषणा होती है, तो यात्रियों को लाभ होगा।
–
देरी से चल रहीं ट्रेनें, यात्री हुए परेशान
शाहजहांपुर स्टेशन होकर लखनऊ की ओर जाने वाली गाड़ी संख्या 14236 वाराणसी एक्सप्रेस सोमवार को 48 मिनट, 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस एक घंटा देरी से आई। दिल्ली की ओर जाने वाली गाड़ी संख्या 14205 अयोध्या एक्सप्रेस आधा घंटा, बरेली को जाने वाली गाड़ी संख्या 22423 अमृतसर जनसाधारण एक्सप्रेस चार घंटे से अधिक देरी से आई। इसकी वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।