शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: गठबंधन में कांग्रेस के खाते में शाहजहांपुर की सीट रखने का करेंगे प्रयास

Connect News 24

Will try to keep Shahjahanpur seat in Congress's account in the alliance

शाहजहांपुर में किला मोहल्ले में मंचासीन कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय। स्रोत-संगठन

शाहजहांपुर। लोकसभा चुनाव को देखते हुए यूपी जोड़ो यात्रा के साथ पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने स्पष्ट किया कि चुनाव को लेकर होने वाले गठबंधन में शाहजहांपुर की सीट कांग्रेस के खाते में रखने का प्रयास करेंगे। बोले कि शहीदों की नगरी में कांग्रेस प्रत्याशी को पूरी ताकत के साथ लड़ाया जाएगा।

मोहल्ला किला में सभा के बाद पदयात्रा के दौरान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अमर उजाला से बातचीत की। अयोध्या में राममंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के निमंत्रण के सवाल पर बोले कि भगवान के दरबार में जाने के लिए निमंत्रण की जरूरत नहीं है। भगवान जब चाहते हैं, बुला लेते हैं। अयोध्या में दर्शन करने अवश्य जाएंगे। भगवान सिर्फ इनके (भाजपा) के थोड़े हैं, सभी के हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने सीटों के बंटवारे और गठबंधन में बसपा के साथ आने के सवाल पर राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्णय लेने की बात कहते हुए टाल दिया।

सपा सुप्रीमो के बारे में कुछ गलत नहीं कहा

– तीन राज्यों के चुनाव से पहले शाहजहांपुर आए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के बीच जुबानी जंग हो गई थी। दोनों ओर से तीखे वार किए थे। शनिवार को जिले में अजय राय ने कहा कि उन्होंने किसी के बारे में गलत शब्द नहीं कहे थे, जो मैंने तथ्यपरक बात की थी। अब हम लोगों के बीच सब ठीक है।

यूपी जोड़ो यात्रा का जोरदार स्वागत

– बरेली के रास्ते मीरानपुर कटरा में यूपी जोड़ो यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। इस बीच सभा में मेरठ में कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज पर जमकर भड़ास निकाली।

नेशनल हाईवे किनारे पशु बाजार में राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम ने बेरोजगारी, विकास की रफ्तार ठप होने पर भाजपा को घेरा। प्रदेश महामंत्री ओमवीर सिंह यादव, युकां के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष योगेश दीक्षित आदि ने विचार रखे। तिलहर के बाद शाम में किला पर सभा हुई जिसमें प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शामिल हुए। राष्ट्रीय अध्यक्ष तौकीर आलम ने कहा कि हर भारतीय अब जननायक राहुल गांधी की मोहब्बत की दुकान का हिस्सा बनना चाह रहा है। वह नफरत के प्रत्येक बंधन को तोड़ देना चाह रहा है जिसे भाजपा ने देश की नसों में जहर की तरह भरने का प्रयास किया है। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए टाउनहाल पहुंची, जहां पर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इसके बाद पैदल मार्च कर रोशनगंज स्थित मैरिज लॉन पर समापन हुआ। संगठन महासचिव अनिल यादव, कोषाध्यक्ष शिव पांडे, महासचिव ओमवीर यादव,अल्पसंख्यक कांग्रेस के अध्यक्ष शाहनवाज आलम, प्रवक्ता मनीष हिंदवी, जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता, शहर अध्यक्ष पवन सिंह, फुरकान अहमद, कुमुद गंगवार आदि मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button