Shahjahanpur News: देवर की शादी के कार्ड बांटने गई महिला की मौत, पति घायल

रोजा में मंडी के सामने रामसागर की मौत के बाद जांच करती पुलिस
– बदायूं रोड पर ग्राम नूरपुर तरसौरा से परौर संपर्क मार्ग पर सोनक गांव के पास हुआ हादसा
– तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मारी, महिला की मौत, पति को आईं मामूली चोटें
संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर। कलान थाना क्षेत्र के गांव हरिहरपुर चौरा बगरखेत निवासी ओमबहादुर की बाइक में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में ओमबहादुर को मामूली चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी मनोरमा देवी (32) की मौत हो गई। वह अपने देवर की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहीं थीं। हादसा बदायूं रोड पर ग्राम नूरपुर तरसौरा से परौर संपर्क मार्ग पर हुआ।
ओमबहादुर अपनी पत्नी मनोरमा के साथ भतीजे के मुंडन संस्कार में शामिल होने फर्रुखाबाद के घटियाघाट गंगातट पर गए थे। उनके भाई ओमप्रकाश की शादी 11 मई को होनी है। मुंडन में शामिल होने के बाद ओमबहादुर अपनी ससुराल कार्ड देने गए थे। बृहस्पतिवार सुबह वह अपनी ससुराल से पत्नी मनोरमा के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।
बदायूं रोड पर ग्राम नूरपुर तरसौरा से परौर संपर्क मार्ग पर वह ग्राम सौनक के पास सामने से आये ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मनोरमा की ट्रक से कुचलकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना पर मिर्जापुर थाना प्रभारी शोएब खां ने एसआई राजेश कुमार के साथ मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतका मनोरमा की शादी करीब सात साल पहले ओमबहादुर के साथ हुई थी। उनकी कोई संतान नहीं थी।
रोजा मंडी के पास ट्रक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत
– हादसे के बाद हाईवे पर थोड़ी देर लगा जाम
– रोजा पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। आरसी मिशन थाना क्षेत्र के गांव अहमदपुर रेती निवासी रामसागर (60) की नेशनल हाईवे पर रोजा मंडी के पास ट्रक की टक्कर लगने से मौत हो गई। वह रोजा मंडी में मजदूरी करने जा रहे थे। हादसे के बाद लगे जाम के कारण पुलिस को काफी दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ा।
बृहस्पतिवार को रामसागर रोजा मंडी की ओर पैदल जा रहे थे। इस बीच ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। उनकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग दौड़ पड़े। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने किसी तरह वाहनों को पास कराया। रामसागर अविवाहित थे। वह अपने भांजे नवल किशोर के पास रहते थे।