हर स्कूल में बनेगी सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल : मंडलायुक्त
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sat, 18 Nov 2023 12:50 AM IST

अटल बिहारी वाजपेई प्रेक्षा गृह में आयोजित कार्यशाला में बच्चों को स्मृति चिन्ह देतीं मंडलायुक्त
शाहजहांपुर। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में शुक्रवार को विद्यार्थी एवं स्मार्टफोन: सोशल मीडिया का प्रयोग, सार्थकता, दुष्प्रभाव एवं बचाव विषय पर आयोजित कार्यशाला में मुख्य अतिथि मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने कहा कि हर स्कूल में सोशल मॉनिटरिंग सेल बनाई जाएगी। उन्होंने छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को स्मार्टफोन के अधिक उपयोग करने से होने वाली हानि के विषय में जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ किया गया। बच्चों ने सौम्या अग्रवाल का बुके देकर स्वागत किया। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने कहा कि अभिभावकों को सोशल मीडिया और मोबाइल के अतिशय उपयोग के दुष्परिणामों से सतर्क रहने की आवश्यकता है। स्कूल प्रबंधन और अभिभावक मिलकर ही इस समस्या से निपट सकते हैं। इसके लिए व्यापक जागरूकता भी आवश्यक है। प्रत्येक शहर को सेफ सिटी बनाने में यह एक महत्वपूर्ण पहल होगी। इस पर ठोस कदम उठाए जाएंगे। इस परिचर्चा को जमीनी स्तर पर उतारने की आवश्यकता है।
आईजी डॉ. राकेश सिंह ने कहा कि हमें मोबाइल और इंटरनेट के सदुपयोग पर जोर देना चाहिए। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे चैट जीपीटी इत्यादि के कारण बच्चों में क्रिएटिविटी समाप्त होती जा रही है। शिक्षकों और अभिभावकों को इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है। डीएम उमेश प्रताप सिंह ने कहा कि बच्चों में मोबाइल और इंटरनेट के गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ते हैं। बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों को भी इस संबंध में अनुशासित रहने की आवश्यकता है। एसपी अशोक कुमार मीणा ने कहा कि हमें मोबाइल तथा इंटरनेट के दोनों पहलुओं पर विचार करना चाहिए। सीडीओ एसबी सिंह ने कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों को सोशल मीडिया के एडिक्शन से बचाने की जरूरत है। डॉ. पूनम ने बच्चों को सामाजिक कौशल सीखने की हिदायत दी। डॉ. अभिषेक चक्रधर ने मस्तिष्क के रिवॉर्ड सिस्टम के विषय में बताया। इस विषय पर ऑडिटोरियम में एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यशाला समाप्त होने के बाद मंडलायुक्त ने वन यूपी, वन कार्ड योजना के तहत इलेक्ट्रिक बस के स्मार्ट मोबिलिटी कार्ड का वितरण किया। उन्होंने कुछ स्कूली बच्चों को लैपटॉप का भी वितरण किया। इसके पश्चात मंडलायुक्त और समस्त अधिकारियों ने ऑडिटोरियम से लेकर रिलायंस गेस्ट हाउस तक का सफर इलेक्ट्रिक बस में सवार होकर तय किया।