ऑनर किलिंग: बदायूं में नाबालिग बेटी की हत्या के आरोपी परिजन फरार, गर्भवती होने पर की थी वारदात

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र में गर्भवती होने पर किशोरी की हत्या करने के आरोपी परिजन फरार हो गए हैं। मामला सुर्खियों में आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस शुक्रवार को जब गांव पहुंची तो किशोरी के परिजन घर पर नहीं मिले। पुलिस ने पड़ोसियों के बयान दर्ज किए। स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) ने भी गांव पहुंचकर घटना के राज तलाशे।
पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि घरवालों ने उन्हें किशोरी की मौत का कारण पेट में दर्द होना बताया था। किशोरी का गांव के ही युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों का मिलना-जुलना था। इसी बीच किशोरी गर्भवती हो गई। उसके पेट में दर्द हुआ तो परिजन डॉक्टर के यहां ले गए। जहां उसके गर्भवती होने की बात पता चली। इससे बौखलाकर परिजनों ने किशोरी की हत्या कर दी और शव दफना दिया।
घर पर मिली युवती बोली- दिल्ली गए परिजन
शुक्रवार को यह मामला उजागर हुआ तो पुलिस ने गांव में किशोरी के घर पहुंची, लेकिन परिजन गायब थे। घर में सिर्फ एक युवती पुलिस को मिली। वह घटना के बारे में कुछ नहीं बता सकी। उसने परिजनों के बारे में बताया कि वे दिल्ली में काम करते हैं, इसलिए वहीं गए हैं। परिजनों का मोबाइल फोन नंबर मांगा तो युवती ने याद न होने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने गांव के लोगों से पूछताछ की तो वे भी खुलकर कुछ नहीं बता पाए।
ये भी पढ़ें- बदायूं में ऑनर किलिंग: नाबालिग बेटी गर्भवती हुई तो घरवालों ने की खौफनाक वारदात, हत्या कर दफनाया शव