बरात में जमकर चले थप्पड़: दूल्हे का रंग काला होने पर निकाह से इनकार, बिना दुल्हन लिए लौटा युवक, रामपुर की घटना

निकाह के दौरान बरातियों में मारपीट
– फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
सीमावर्ती जनपद बरेली के सिरौली में शाहबाद से गई बरात में बखेड़ा खड़ा हो गया। दूल्हे का रंग काला होने पर दुल्हन और उसके परिजनों ने निकाह से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच बहस के बाद जमकर मारपीट हो गई। फिलहाल दूल्हा बिना दुल्हन लिए बैरंग लौटा।
सोमवार दोपहर को शाहबाद से सिरौली के के लिए धूमधाम से बरात निकली। बरात के पहुंचते ही बारातियों ने खाना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद जब निकाह का समय हुआ तब दूल्हे को देखकर दुल्हन और परिजनों ने इससे इनकार कर दिया। दूल्हा पक्ष की ओर से वजह जानने के बाद हड़कंप मच गया।
देर शाम तक दुल्हन और दूल्हा पक्ष के लोगों में कहासुनी होती रही। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्ष की महिलाएं चोटिल हो गई। मोहल्लेवासियों के अनुसार दूल्हा और उसके परिजनों को दुल्हन पक्ष के लोगों ने बंधक बना लिया।
दुल्हन पक्ष के लोगों का यह भी कहना था कि दूल्हा पक्ष के लोग जो जेवरात लेकर आए थे वह सोने और चांदी का नहीं बल्कि नकली थे। इसको लेकर मामला बिगड़ गया था। देर रात में मामले को बिगड़ा हुआ देखकर शाहबाद से कुछ संभ्रांत लोग सिरौली पहुंचे।
काफी जद्दोजहद के बाद भी दूल्हा-दुल्हन का निकाह नहीं हो पाया। चर्चा यह भी आम थी कि दूल्हे का रंग काला होने पर निकाह से इनकार किया गया था। दूल्हा पक्ष के लोग दुल्हन पक्ष को मानने लगे और निकाह की बात करने लगे। लेकिन उन्होंने दो टूक निकाह करने से इनकार कर दिया।
सोमवार देर रात को दूल्हा, दुल्हन को लिए बिना ही बैरंग वापस शाहबाद लौट आए। दिन निकलने पर मंगलवार को दुल्हन पक्ष के लोग बरेली एसएसपी के यहां पहुंचे। जानकारी करने पर पता लगा कि दुल्हन पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग करने का आरोप दूल्हा पक्ष पर लगाया है। जिसकी तहरीर भी सिरौली थाने में दी गई है।