रामपुर

Rampur News: खुलते ही जाम में उलझ गया हाईवे

Connect News 24

रामपुर। बरेली-मुरादाबाद हाईवे पर सोमवार को दोपहर दो बजे के बाद डायवर्जन हटा दिया गया। इस दौरान हाईवे पर सभी प्रकार के हल्के और भारी वाहन हाईवे पर चलने लगे। 52 दिन के बाद हाईवे पर सप्ताह में तीन दिन के लिए लगने वालीं पाबंदियां अब पूर्ण रूप से हट गई हैं। हालांकि, हाईवे पर पाबंदिया हटते ही जाम के हालत बन गए। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर जाम खुलवाया।

सावन माह की शुरुआत से हाईवे पर रूट डायवर्जन लागू था। प्रत्येक सोमवार पर शुक्रवार रात आठ बजे से सोमवार रात आठ बजे तक हाईवे पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद था। आखिरी सोमवार को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने एक दिन पहले डायवर्जन लागू करते हुए शुक्रवार से रविवार तक हाईवे पर नो-ट्रैफिक कर दिया। हाईवे पर दोनों लेन में कांवड़िये गुजारे गए। किसी भी प्रकार के वाहनों को गुजरने की अनुमति नहीं मिली।

इस दौरान बरेली व मुरादाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को अजीतपुर बाईपास से पटवाई होकर शाहबाद की ओर निकाला गया। ऐसे में दो दिन तक यात्री और वाहन सवार परेशान हुए थे। सोमवार को मंदिरों में सुबह से जलाभिषेक होने लगा और हाईवे पर कांवडियों की भीड़ कम हो गई। जिसके बाद यातायात पुलिस ने दोपहर में दो बजे हाईवे पर दोनों लेन का यातायात खोल दिया। अब रोडवेज बसें, ट्रक, लोडर, कार, बाइक सभी प्रकार के वाहन हाईवे पर फर्राटा भरेंगे। इधर, डायवर्जन खुलने के बाद दोपहर में अजीतपुर बाईपास और शहजादनगर बाईपास पर जाम की स्थिति बनी। हालांकि, यातायात पुलिसकर्मियों ने मौके पर जाम को खुलवाया। शाम के समय हाईवे पर वाहन आसानी से गुजरने लगे।

पटवाई-शाहबाद रोड पर जाम से हुए परेशान

डायवर्जन में पटवाई-शाहबाद रोड पर यातायात अधिक रहा। इस कारण इस रोड पर जाम की स्थिति बनती रही। सोमवार को डायवर्जन खुलने से पहले इस रोड पर ट्रक और रोडवेज बसों के कारण जाम लगा। अजीतपुर बाईपास की ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं।

रोडवेज को पहुंचा 60 लाख से अधिक घाटा

रूट डायवर्जन की वजह से परिवहन निगम को काफी नुकसान हुआ। डायवर्जन में बसें हाईवे से न गुजरकर शाहबाद की ओर निकाली गईं। इस दौरान बसों में अपेक्षा अनुरूप सवारियां नहीं मिलने से रोडवेज की आमदनी कम हुई। सावन में रोडवेज को 60 लाख से अधिक का घाटा हुआ है।


हाईवे पर सभी प्रकार के वाहनों के लिए यातायात खोल दिया गया है। अब दोनों लेन से वाहन गुजर सकेंगे। सावन माह में यातायात व्यवस्था सकुशल रूप से संपन्न कराने के लिए यातायात पुलिसकर्मियों का योगदान है।

डॉ. संसार सिंह, एएसपी रामपुर।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button