घर को बनाया टॉर्चर रूम… मासूम की मौत: पड़ोसी के मकान के अंदर खौफनाक मंजर देख कांपा लोगों का कलेजा

मासूम बच्ची की हो गई थी मौत
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के बाकरगंज में सिरफिरे पड़ोसी की हरकत से शुक्रवार को चार साल की मासूम हिफ्जा की जान चली गई। पड़ोसी ने अपने मकान के लोहे के दरवाजे में करंट छोड़ रखा था। मासूम की मौत ने लोगों का दिल झकझोर दिया। दरवाजा तोड़ते हुए गुस्साए लोग पड़ोसी शमशेर के घर में घुसे तो चौंक गए। वहां का मंजर किसी टार्चर रूम जैसा दिखा। पूरे घर में अजीब सी गंध आ रही थी। लोग आरोपी की हरकतें तंत्र-मंत्र से जोड़कर भी देख रहे हैं।
बाकरगंज में तवा वाली गली में शमशेर का घर करीब सौ वर्ग गज जगह में बना है। घर के अंदर कमरे सीलन भरे हैं। सामान अस्त व्यस्त पड़ा मिला। एक कमरे में दीवार पर स्केच से भूतिया तस्वीर बना रखी है। इसके अलावा कमरे की पूरी दीवारों पर अपराध और खौफनाक खबरों की कटिंग लगा रखी हैं। इसमें किसी ट्रेन हादसे से जुड़े शीर्षक वाली खबर भी शामिल है।
ये भी पढ़ें- खौफनाक: सनकी पड़ोसी ने दरवाजे में छोड़ा करंट, मासूम बच्ची की तड़पकर मौत; लोगों ने आरोपी को पीटा
शमशेर ने कमरे के डीवीडी और सीडी का रिफ्लेक्टर बनाकर दीवार के बीच में अपनी तस्वीर लगा रखी है। इसके साथ ही कंडेंसर का सर्किट बनाकर पूरे घर में कई जगह तारों में करंट छोड़ रखा था। छत के बीच कुंडे में भी रस्सी के सहारे बिजली का तार लटक रहा था। उसमें भी करंट आ रहा था। ऐसा ही तीव्र करंट घर के मेन गेट पर अंदर से लगाए तार से जा रहा था। लोगों का कहना है कि सिरफिरा शमशेर शायद खुद भी करंट के शॉक लेता होगा। कुछ लोग इसे तंत्र साधना से जुड़ा मामला मान रहे थे।



