बोर्ड बैठक: सफाई और सड़कों के निर्माण का छाया रहा मुद्दा
सफाई और सड़कों के निर्माण का मुद्दा छाया
नगर पंचायत नौगवा पकड़िया और बरखेड़ा में हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। नगर पंचायत नौगवा पकड़िया की पहली बोर्ड बैठक शुक्रवार को हुई। इसमें सभासदों ने अपने अपने वार्ड की समस्याओं को रखा। कहा कि नगर पंचायत में सफाई, नाला निर्माण, सड़क की मुख्य समस्या है। इन समस्याओं के निस्तारण पर सहमति बनी। इसे आगामी बैठक में पारित किया जाएगा। इसके साथ ही नगर पंचायत बरखेड़ा में भी बोर्ड की पहली बैठक हुई।
नौगवा पकड़ियां की नगर पंचायत अध्यक्ष संदीप कौर की अध्यक्षता में पहली बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। ईओ संतोष चतुर्वेदी ने बैठक की कार्यवाही शुरू की। सभासदों ने कहा कि नगर पंचायत की मुख्य समस्या गंदगी, टूटी सड़कें और नाली का निर्माण है। इसपर प्रमुखता के साथ काम किया जाना जरूरी है। बारिश के मौसम में काफी समस्या होती है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने मुख्य समस्याओं के समाधान के लिए कार्ययोजना बनवाकर निस्तारण कराने की बात कही।
इसके अलावा नगर पंचायत बरखेडा में नगर पंचायत अध्यक्ष श्याम बिहारी भोजवाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। सभासदों का परिचय लिया गया। इसके बाद सभासदों ने विकास के मुद्दों पर चर्चा की।