देश में किसी भी अल्पसंख्यक से कोई भेदभाव नही : लालपुरा

भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते लोकसभा के क्लस्टर इंचार्ज इक़बाल सिंह लालप
भाजपा कार्यालय पर हुई अल्पसंख्यक समाज की गोष्ठी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष व बदायूं लोकसभा के क्लस्टर इंचार्ज इकबाल सिंह लालपुरा ने रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में अमन-चैन का माहौल है। पंजाब के कई उद्योगपति उत्तर प्रदेश में उद्योग लगाना चाहते हैं। देश में किसी भी अल्पसंख्यक के साथ कोई भेदभाव नही किया जा रहा है।
मोदी सरकार के नौ साल पूर्ण होने पर महासंपर्क अभियान के अंतर्गत भाजपा कार्यालय पर अल्पसंख्यक समाज की गोष्ठी में इक़बाल सिंह लालपुरा ने कहा कि विरोधी भले ही कुछ भी कहें लेकिन मोदी सरकार ने अल्पसंख्यकों को भरपूर सम्मान दिया है। जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री ने नौ सालों में काफी कार्य किए हैं।
सांसद संघमित्रा मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का मान सम्मान पूरे विश्व में बढ़ा है। लोकसभा चुनाव में हमको सभी 80 सीटों पर जीत का परचम लहराना है।
इस दौरान सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने भी विचार व्यक्त किए। व्यवसायी अशोक खुराना ने मांग की कि पंजाबी समाज को अल्पसंख्यक समाज का दर्जा दिया जाए। उन्होंने इकबाल सिंह लालपुरा को पुस्तक भेंटकर अभिवादन किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, अल्पसंख्यक मोर्चा क्षेत्रीय अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह, हाजी सलीम, सोबरन राजपूत, गुरदीप सिंह धींगड़ा, जगजीत सिंह, मनजीत सिंह, डीके चड्डा, राजन मेहंदीदत्ता, सरदार भगत सिंह, नरेन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे। संचालन शैलेंद्र मोहन शर्मा ने किया।
–
पदाधिकारियों ने किया स्वागत
इकबाल सिंह लालपुरा के जनपद आगमन पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद शीराज अल्वी के नेतृत्व में मोर्चा पदाधिकारियों ने स्वागत किया। साथ ही स्वीडन मे ईद उल अज़हा के मौके पर एक शख्स द्वारा धार्मिक ग्रंथ जलाए जाने के विरोध मे ज्ञापन सौंपकर विरोध दर्ज कराया। ज्ञापन में कहा गया है कि इस घटनाक्रम से मुसलमानों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं हैं। मांग की गई कि भारत की ओर से इस संबंध में विरोध दर्ज कराया जाए। इस अवसर पर हाजी हाफिज मोहम्मद फय्याज, नसीम खान, अनस फय्याज, सलीम लईकउद्दीन बब्लू आदिल आदि उपस्थित रहे।