शाहजहांपुर में दर्दनाक घटना: फसल की रखवाली करने गए किसान को सांड ने नदी में फेंका, डूबने से मौत

किसान जयवीर का फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर में खेत से छुट्टा पशुओं को भगाने के दौरान खुदागंज थाना क्षेत्र के गांव सिमौरा निवासी किसान जयवीर (50) पर सांड ने हमला कर दिया। काफी दूर तक पीछा करने के दौरान सांड ने किसान को उठाकर फेंक दिया। इसके बाद वह बहगुल नदी के कटान के पानी में गिर पड़े। ग्रामीणों ने उन्हें नदी से निकाला। सीएचसी में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
किसान जयवीर के पास करीब आठ बीघा जमीन है। वह अपनी खेती खुद ही करते थे। शनिवार को करीब दो बजे वह अपना खेत देखने गए थे। खेत में छुट्टा पशुओं को देखकर भगाने लगे। तभी एक सांड ने उन पर हमला कर दिया। काफी दूर तक पीछा किया। इस बीच बहगुल नदी के कटान के भरे पानी के पास पहुंचे। बताते हैं कि सांड की टक्कर लगने के बाद बहगुल नदी में जा गिरे।
ये भी पढ़ें- यूपी: गांव में आरएसएस की शाखा का विरोध, स्वयंसेवक को पीटा, बसपा कार्यकर्ताओं ने उखाड़ फेंका ध्वज
इस बीच खेत पर घास काट रहे युवक की नजर पड़ी तो उसने बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद उन्हें पानी से बाहर निकाला। सूचना पर परिजन भी पहुंचे। जयवीर को सीएचसी पर ले जाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उनकी मौत से पत्नी रानी और चार बेटों व तीन बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।