उधार में फंसे पांच करोड़: सुसाइड नोट लिख व्यापारी ने खुद को मारी गोली, पति को लहूलुहान देख गश खाकर गिरी पत्नी

व्यापारी की आत्महत्या का मामला
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में इंदिरा चौक के पास मेंथा व्यापारी ने सोमवार को अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. ओपी सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी की। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें पांच करोड़ रुपये से ज्यादा की उधार की रकम न मिलने के कारण आत्मघाती कदम उठाने का जिक्र है।
बदायूं के इंदिरा चौक इलाके में उझानी निवासी व्यापारी संजय गुप्ता उर्फ अप्पू की मौत की सूचना के बाद उनके घर पर मातम पसर गया। पुरानी अनाज मंडी समेत आसपास इलाके में लोगों की जुबां से यही सुनने को मिला कि अप्पू की गोली मारकर हत्या कर दी गई है, लेकिन मौके पर सुसाइड नोट मिलने के बाद लोगों को आत्महत्या किए जाने का पता चला।
पिता रह चुके हैं नगर पालिका के सदस्य
अप्पू का पूरा परिवार भदवारगंज मोहल्ले की पुरानी अनाज मंडी में रहता है। पिता गल्ला व्यापारी महेंद्र गुप्ता नगर पालिका परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं। उनकी तीन संतान में छोटे बेटे अप्पू के दो बच्चों में बेटा राघव (13) और आठ साल की बेटी राधिका हैं। पत्नी रुचि गुप्ता को अप्पू के गोली लगने की सूचना मिली तो वह गश खाकर फर्श पर गिर पड़ी।
परिवार की महिलाओं की ओर से उसे यही बताया गया कि अप्पू के गोली तो लगी है, लेकिन वह ठीक है। गोली मारकर हत्या कर दिए जाने के शोर के बीच कुनबे के लोग भी बदायूं चले गए। चाचा सर्वेश गुप्ता ने बताया कि अप्पू खुद को गोली मार लेंगे, किसी को सहज विश्वास नहीं हो पा रहा है।