UP: शादी तो तुझसे ही करूंगी… युवक के घर दो दिन से प्रेमिका ने डाल रखा है डेरा, प्रेमी का परिवार घर छोड़ भागा

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
रामपुर के अजीमनगर थाना क्षेत्र में प्रेमी से शादी के लिए उसके घर पहुंची युवती दो दिन से बैठी हुई है। प्रेमी और उसके परिजन युवती को देख घर छोड़कर भाग गए हैं। आस पड़ोस के लोग युवती को समझा बुझाकर घर भेजने की कोशिश में लगे हुए हैं।
अभी तक पुलिस से शिकायत नहीं की गई है। मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के नगलिया गांव का है। रामपुर सिविल लाइन क्षेत्र निवासी युवती मंगलवार को प्रेमी के घर पहुंची और शादी के लिए हंगामा करने लगी।
युवती का आरोप था शादी का झांसा देकर प्रेमी ने उसके साथ दुष्कर्म किया, लेकिन अब प्रेमी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया है। आसपास के लोगों ने युवती को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। प्रेमिका को घर के अंदर बैठा छोड़ प्रेमी और उसके परिजन घर से फरार हो गए।
युवती का आरोप था जब तक शादी नहीं होगी वह घर से नहीं निकलेगी। देर रात को पड़ोसियों ने युवती के लिए खाना भिजवाया। दो दिन बीतने के बाद भी युवती घर के अंदर बैठी हुई है। प्रेमी और परिजन घर को वापस नहीं लौटे हैं। गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।