UP: मौलाना तौकीर रजा ने राष्ट्रगान को बताया गुलामी का प्रतीक, दिल्ली में मुस्लिम पंचायत करने का किया एलान

मौलाना तौकीर रजा खां
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
इत्तेहाद-ए-मिल्लत कौंसिल (आईएमसी) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने कहा कि ‘इंडिया’ शब्द नहीं, बल्कि राष्ट्रगान गुलामी का प्रतीक है। जार्ज पंचम के सम्मान में इसे गाया गया था। इसलिए इसमें बदलाव किया जाना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने भी यह बात उठाई थी।
बरेली में बृहस्पतिवार को प्रेसवार्ता कर मौलाना ने 15 अक्तूबर को दिल्ली के रामलीला मैदान पर मुस्लिम महापंचायत का एलान भी किया। कहा कि इसमें मुसलमानों के साथ अनुसूचित जाति, सिख, जैन, बौद्ध सहित सभी धर्म व जातियों के नेता शिरकत करेंगे।
मौलाना तौकीर रजा ने कहा कि इंडिया, भारत और हिंदुस्तान, तीनों नाम से देश जाना जाता है। चूंकि इंडिया नाम से विपक्षी गठबंधन तैयार हो गया है, इससे भाजपा घबराई हुई है। इसलिए देश के इंडिया नाम को खत्म करना चाहती है। अगर बदलना ही है तो देश के मौजूदा राष्ट्रगान को फिर से लिखा जाना चाहिए। जिसमें सरल शब्द हों और देश के हर प्रांत का नाम आए। इसमें हमारे उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य तक का नाम नहीं आता।

