UP News: पशुधन मंत्री और भाजपा विधायक के क्षेत्र में हारी भाजपा, सपा ने छीनीं दोनों नगर पालिका की सीटें

भाजपा और सपा के चिन्ह
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में मेयर सीट पर भाजपा ने रिकॉर्ड जीत दर्ज की तो वहीं नगर पंचायत धौराटांडा, शाही नगर पंचायत में पहली बार भाजपा ने कब्जा जमाया। मगर आंवला नगर पालिका और सिरौली नगर पंचायत हार गई। यह पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की विधानसभा में आता है तो वहीं फरीदपुर विधायक श्याम बिहारी लाल के क्षेत्र की फरीदपुर पालिका पर सपा ने कब्जा जमाया। इसी क्षेत्र में आने वाली नगर पंचायत फतेहगंज पूर्वी सीट पर भाजपा के बागी ने जीत हासिल की। इन दो नगर पालिका और नगर पंचायतों में भाजपा का सफाया हो गया।
आंवला नगर पालिका सीट पर भाजपा के संजीव सक्सेना को सपा के सैयद आबिद अली ने 788 वोटों से हरा दिया। वहीं सिरौली नगर पंचायत में भाजपा की निशा शर्मा को कांग्रेस प्रत्याशी चमन आरा ने 2590 मतों से करारी शिकस्त दी।
आंवला में अपनों का विरोध पड़ा भारी
आंवला में नगर पालिका में 18 से ज्यादा लोगों ने टिकट के लिए आवेदन किया था, लेकिन संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के भारी विरोध के बाद भी पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के करीबी कहे जाने वाले संजीव सक्सेना को तरजीह दी गई। इससे यहां वैश्य और ब्राह्मण समाज के वोटों की अपने करीबी संजीव सक्सेना को तरजीह दी। बताया जा रहा है कि इसके चलते भाजपा के परंपरागत वोट वैश्य व ब्रह्मण समाज की नाराजगी का सामना भी भाजपा को करना पड़ा। यह सीट भाजपा के हाथ से खिसक गई। व्यापारी वर्ग भी यहां भाजपा से नाराज माना गया।



