UP: दो सैन्य अफसरों से 34.70 लाख रुपये की ठगी, बच्चों का एडमिशन कराने के नाम पर हड़पी रकम

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : Amar Ujala
विस्तार
सेना में जूनियर कमीशन अफसर की बेटी का एमबीबीएस में और सूबेदार मेजर के बेटे का इंजीनियरिंग में एडमिशन कराने के नाम पर 34.70 लाख रुपये ठग लिए गए। दोनों मामलों में बरेली के कैंट थाना पुलिस ने पठानकोट के मामून आर्मी कैंप के तैनात सूबेदार और एक कथित आईएएस समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। दोनों ही मामलों की पटकथा और किरदार एक जैसे हैं।
एमबीबीएस में दाखिले के लिए 20.45 लाख हड़पे
बरेली के लाल फाटक के निकट स्थित सद्भावना कॉलोनी निवासी ओमपाल सिंह सेना में जूनियर कमीशन अफसर (सूबेदार मेजर) हैं। उनकी बेटी शिवानी नीट की तैयारी कर रही हैं। ओमपाल सिंह ने बताया कि मामून आर्मी कैंप पठानकोट में तैनात सूबेदार मेजर राजेश सिंह ने उनको बताया कि उनके ऑफिस में तैनात सूबेदार संदीप कुमार सिंह की जान पहचान मंत्रालय स्तर तक है।
वह सरकारी कॉलेजों में एमबीबीएस और इंजीनियरिंग में आसानी से एडमिशन दिला देते हैं। उन्होंने संदीप कुमार सिंह से बात की तो उसने बताया कि शिक्षा विभाग में हर्ष कुमार गोयल डायरेक्टर के पद पर हैं। उनका पीए ऋषि भारद्वाज एडमिशन कराता है। सरकारी कॉलेज में एडमिशन के लिए उसने 26-27 लाख रुपये का खर्च बताया। संदीप के बताए खाते में उन्होंने पांच बार में 20.45 लाख रुपये जमा कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने कॉल रिसीव करना बंद कर दिया।



