UPSSSC PET 2023: बरेली के 37 केंद्रों पर 16320 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, जानिए जरूरी बातें

UPSSSC PET
– फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
बरेली जिले के 37 केंद्रों पर 28 व 29 अक्तूबर को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पेट) होगी। डीएम रविंद्र कुमार ने बृहस्पतिवार को बैठक कर तैयारियों के संबंध में निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि शनिवार व रविवार को चार पालियों में 16,320 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। 40 स्टेटिक और 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।
चार स्टेटिक और दो सेक्टर मजिस्ट्रेट रिजर्व में रहेंगे। परीक्षा से दो घंटे पहले केंद्रों पर अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू हो जाएगा। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले केंद्र का गेट बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। अभ्यर्थी डाउनलोड किया हुआ प्रवेशपत्र व एक पहचान पत्र अवश्य लेकर आएं। केंद्रों पर क्लॉक रूम और हेल्पडेस्क की व्यवस्था भी की जाए।
ये भी पढ़ें- Akhilesh Yadav: सपा मुखिया बोले- लोकसभा चुनाव में ‘पीडीए’ ही एनडीए को हराएगा; गठबंधन पर कही बड़ी बात
डीएम ने कहा कि जिस तरफ से प्रश्नपत्र दिए जाएं, उसी तरफ से उत्तर पुस्तिकाओं को एकत्र करें, ताकि हर परीक्षार्थी को बराबर समय मिले। प्रश्नपत्र खोलते समय उतने ही लोग मौजूद रहेंगे, जितने नामित हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे चेक कर लें, वे हर हाल में चालू रहें। केंद्र व्यवस्थापक अपने हस्ताक्षर से कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी लगाएं।
परीक्षा केंद्रों के अंदर इलेक्ट्राॅनिक गैजेट ले जाना पूरी तरह से प्रतिबंधित किया जाए। परीक्षा कक्षों में रोशनी के पर्याप्त इंतजाम रहे और जनरेटर तैयार रहें। परीक्षा केंद्र के आसपास फोटोकॉपी की दुकानें बंद करा दी जाएं। बैठक में सीडीओ जग प्रवेश, एडीएम सौरभ दुबे, डीआईओएस देवकी सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।



