गेहूं खरीद: 74 दिनों में खरीदा गया 7200 एमटी गेहूं
रामपुर। प्रदेश में गेहूं खरीद में जिला 10वें और मंडल में पहले स्थान पर है। किसानों से गेहूं खरीद में अब सिर्फ दो दिन बाकी हैं। 15 जून तक गेहूं की खरीद होनी है। 13 जून तक 7200 एमटी गेहूं खरीदा गया है। गेहूं खरीद के ये आंकड़े लक्ष्य के हिसाब पांच फीसदी भी नहीं है।
जिले की खरीद एजेंसी खाद्य निगम की ओर से 2274 एमटी, पीसीएफ ने 1682 एमटी, पीसीयू ने 1339 एमटी, एफसीआई ने 74 एमटी, यूपीएसएस ने 628 एमटी, मंडी परिषद ने 276 एमटी, नाफेड ने 859 एमटी गेहूं खरीदा है। इस प्रकार शासन से निर्धारित लक्ष्य 1.57 लाख एमटी के अनुपात में पांच फीसदी भी गेहूं की खरीद नहीं हो पाई है। हालांकि बीते वर्ष की अपेक्षा इस साल गेहूं की खरीद में इजाफा हुआ है। पिछले वर्ष 2022 में कुल 400 एमटी गेहूं की खरीद हुई थी। इस वर्ष 6800 एमटी गेहूं अधिक खरीदा जा चुका है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी डॉ. अनुपम कुमार निगम ने बताया कि इस वर्ष 1059 किसानों से 15 करोड़ रुपये का गेहूं खरीदा जा चुका है। गेहूं खरीद में रामपुर प्रदेश में 10वें स्थान और मुरादाबाद मंडल में पहले स्थान पर है। 15 जून तक सभी खरीद केंद्रों पर गेहूं की खरीद होगी। इसके बाद केंद्र बंद कर दिए जाएंगे। गौरतलब है कि एक अप्रैल से गेहूं की खरीद चल रही है।