Rampur News: हाईवे पर कल रात से थम जाएंगे भारी वाहनों के पहिये
रामपुर। सावन के आखिरी सोमवार को होने वाले जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए शुक्रवार रात को आठ बजे से बरेली-मुरादाबाद हाईवे पर भारी वाहनों के पहिये थम जाएंगे। हाईवे पर रूट डायवर्जन लागू कर ट्रक, लोडर, डीसीएम आदि भारी वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से बंद रखा जाएगा। एक लेन में कांवड़िये और दूसरी लेन में कार, बाइक आदि हल्के वाहनों को गुजारा जाएगा। रोडवेज बसें भी बंद रहेंगी।
सावन के आखिरी सोमवार पर शिवालयों में श्रद्धालुओं और शिव भक्त कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। इसको लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांवड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए मुरादाबाद में एक दिन पहले बृहस्पतिवार से ही हाईवे पर रूट का डायवर्जन कर दिया गया है। वहीं रामपुर में शुक्रवार को रात आठ बजे से रूट डायवर्जन लागू होगा। बरेली-मुरादाबाद हाईवे पर एक लेन में कांवड़िये और दूसरी लेन में हल्के वाहनों को गुजरने की अनुमति रहेगी। भारी वाहनों के लिए यातायात बंद रहेगा। हाईवे किनारे के सभी स्कूल भी शुक्रवार से सोमवार तक बंद रहेंगे। यातायात निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को रात आठ बजे से रूट डायवर्जन लागू होगा। इसको लेकर व्यवस्था चौकस रहेगी।
इन मार्गाें से गुजरेंगे भारी वाहन
-बरेली से दिल्ली को जाने वाले भारी वाहन आंवला, शाहबाद, बिलारी, चंदौसी, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होकर दिल्ली को गुजारे जाएंगे।
-मीरगंज व अन्य मार्गों से दिल्ली जाने वाले वाहनों को तीन बत्ती तिराहा थाना मिलक से पटवाई, शाहबाद, बिलारी, नरौरा होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
-रुद्रपुर से वाया रामपुर होते हुए दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को जौहर पुलिया थाना गंज से बाईपास जीरो प्वाइंट शहजादनगर से अजीतपुर बाईपास पुल की साइड से शाहबाद होते हुए बिलारी, चंदौसी, बबराला, बुलंदशहर होकर दिल्ली भेजा जाएगा।
-रामपुर से मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन शाहबाद, बिलारी होकर गुजारे जाएंगे। इसी प्रकार मुरादाबाद से रामपुर आने वाले भारी वाहनों को बिलारी से शाहबाद होकर भेजा जाएगा। –
-बरेली जाने वाले भारी वाहनों को शाहबाद से आंवला, अलीगंज होते हुए गुजारा जाएगा। हल्द्वानी रुद्रपुर से आने वाले भारी वाहन बिलासपुर गेट से होकर गुजरेंगे। रामपुर से हल्द्वानी-रुद्रपुर की तरफ जाने वाले वाहन इसी रूट से होकर गुजरेंगे।
-हापुड़, मेरठ, गढ़ की ओर से रामपुर आने वाले भारी वाहनों को गढ़ चौपला जनपद हापुड़ से डायवर्ट कर बुलंदशहर, नरौरा, बबराला, चंदौसी, बिलारी, शाहबाद होते हुए रामपुर भेजा जाएगा।