विश्व तंबाकू निषेध दिवस: गुटखा-तंबाकू का शौक बना सकता है कैंसर रोगी, गलत आदत से कर लें तौबा

विश्व तंबाकू निषेध दिवस
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कैंसर जानलेवा है… इस चेतावनी से बेपरवाह लोगों को गुटखा, तंबाकू का सेवन कैंसर का रोगी बना रहा है। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर चिकित्सकों ने लोगों को इन व्यवसनों से दूरी बनाने और हल्के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराने का सुझाव दिया है।
बरेली के जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन रहे डॉ. वागीश वैश के मुताबिक, ज्यादातर लोग गुटखे की शुरुआत महज दो-तीन दानों से करते हैं। कुछ दिन यह सिलसिला चलता है। उसके बाद यह दो-तीन दाने बढ़ते जाते हैं। जो लत बनते देर नहीं लगती। हालत यह है कि अब किशोर भी गुटखे का सेवन कर रहे हैं। यही लत कैंसर की बड़ी वजह बनकर सामने आ रही हैं।
ओरल हाइजीन के प्रति ज्यादातर लोग लापरवाह होते हैं। इससे मुंह में दर्द, दाना पड़ने पर भी वे गुटखा का सेवन जारी रखते हैं। इससे संबंधित कोशिकाएं प्रभावित होती हैं जो धीरे-धीरे गांठ और फिर कैंसर में बदल जाती हैं। कैंसर का पता अगर समय रहते चले तो मरीजों की जान बच सकती है।



