Budaun News: थाने में आत्महत्या की कोशिश करने वाले युवक की मौत
– 24 मई को पुलिस ने वारंट आने पर किया था गिरफ्तार
– परिवार वालों ने लगाया था रुपये मांगने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
उघैती (बदायूं)। एक माह पहले उघैती थाने में आत्महत्या की कोशिश करने वाले 28 वर्षीय पन्नालाल की सोमवार रात मौत हो गई। उसका लखनऊ के एक अस्पताल उपचार चल रहा था। वहीं उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मंगलवार को उसका शव गांव पहुंचा। शाम के समय उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
थाना क्षेत्र गांव सलामतपुर निवासी पन्नालाल पुत्र लटूरी दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के मामले में आरोपी था। छह साल पहले उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। वह न्यायालय में पेशी पर नहीं जा रहा था। इससे न्यायालय से उसके वारंट जारी हो गए थे। 24 मई को थाना पुलिस ने दबिश देकर पन्नालाल को गांव से गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस उसे थाने ले गई थी।
जहां उसने थाने के शौचालय में अंगोछे का फंदा बनाकर आत्महत्या की कोशिश की थी। इससे पुलिस ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा था। यहां से उसे तुरंत बरेली भेज दिया गया था। परिवार वालों ने पुलिस पर मारपीट करने और रुपये मांगने का आरोप लगाया था। बरेली में उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इससे उसे लखनऊ भेज दिया गया।
तब से उसका लखनऊ में उपचार चल रहा था। सोमवार रात उसकी लखनऊ में मौत हो गई। इंस्पेक्टर उघैती सुरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी की मौत हो गई है। उसके शव का लखनऊ में पोस्टमार्टम करा दिया गया है।



