साठ दिन बाद सड़क पर न दिखे एक भी गोवंश : डीएम

अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में बैठक लेते डीएम, संवाद
बदायूं। कलक्ट्रेट स्थित सभागार में निराश्रित गोसंरक्षण एवं जिला स्तरीय अनुश्रवण मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई। इसमें बताया गया कि एक नवंबर से 31 दिसंबर तक 60 दिन का निराश्रित गोसंरक्षण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत शत प्रतिशत छुट्टा गोवंश को पकड़कर गोआश्रय स्थलों में संरक्षित किया जाएगा।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निराश्रित गोवंश पकड़ने के लिए टीमों का गठन कर युद्ध स्तर पर पकड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में हॉटस्पॉट चिह्नित कर वहां से निराश्रित गोवंश पड़कर गोआश्रय स्थलों में भिजवाएं। सभी गोआश्रय स्थल आवश्यक संसाधनोंं के साथ क्रियाशील होने चाहिए।
उन्होंने अफसरों को चेताया कि अभियान के बाद एक भी गोवंश सड़कों पर घूमता नजर नहीं आना चाहिए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गोआश्रय स्थलों में चारा, पानी, भूसा, छाया आदि के साथ ही ठंड एवं बीमारियों से बचाव के भी पर्याप्त उपाय होने चाहिए। इस दौरान एसपी सिटी अति किशोर श्रीवास्तव, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. निरंकार सिंह, डीसी मनरेगा रामसागर यादव, पीडी डीआरडीए बलराम कुमार आदि मौजूद रहे।