एक और तेंदुए की मौत: दुधवा के बाद अब पीलीभीत में मिला शव, पोस्टमार्टम को भेजा गया

खेत में मिला तेंदुए का शव
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
तराई के जंगलों में वन्य जीवों के मरने का सिलसिला थम नहीं रहा। लखीमपुर खीरी के दुधवा नेशनल पार्क में 10 दिनों में तीन बाघ और एक तेंदुए की मौत हो चुकी है। इस मामले में जांच चल रही है। इस बीच पीलीभीत टाइगर रिजर्व से सटे इलाके में तेंदुए का शव मिला है। उसके शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं।
मंगलवार की सुबह ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने माला रेंज की गढ़ा बीट के कंपार्टमेंट नंबर 135 के करीब वाचर के खेत से तेंदुए का शव बरामद किया। इसकी जानकारी मिलते ही विभागीय अधिकारियों में खलबली मच गई। सामाजकि वानिकी के डीएफओ संजीव कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
ये भी पढ़ें- Honey Trap: पहले मीठी बातों का जाल, फिर न्यूड वीडियो कॉल; हसीनाओं के गैंग से रहें सावधान
डीएफओ संजीव कुमार ने जांच पड़ताल के बाद तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। उन्होंने बताया कि एक साल का नर तेंदुआ है। फिलहाल शरीर के सभी अंग सुरक्षित हैं। चोट के कहीं निशान नहीं है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही तेंदुए की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।