बरेली

Bareilly News: खुलासे के लिए एसओजी लगाई, डीआईजी स्टांप ने नकारी वारदात

Connect News 24

फरीदपुर। रजिस्ट्री कार्यालय में मंगलवार शाम हुई तीन लाख रुपये की लूट की कहानी उलझ गई है। एसएसपी ने मामले के खुलासे के लिए एसओजी को भी लगा दिया है, वहीं डीआईजी स्टांप व एआईजी ने वारदात को ही नकार दिया है। अधिकारियों ने सारा कैश सुरक्षित बताया है।

मंगलवार शाम छह बजे युवक सब रजिस्ट्रार दफ्तर से कैश की पेटी उठाकर भाग गया था। कर्मचारियों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और रास्तों की नाकाबंदी की। रातभर पड़ताल चली पर पुलिस को तहरीर नहीं दी गई। सुबह एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा को खुलासे का निर्देश दिया। एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल के नेतृत्व में एसओजी और पुलिस ने रजिस्ट्री दफ्तर पहुंचकर जांच की पर तहरीर नहीं आई।

सब रजिस्ट्रार ने कैश चोरी होने से इन्कार कर दिया। डीआईजी स्टांप एसके मिश्रा व एआईजी तेज सिंह यादव ने फरीदपुर पहुंचकर स्टाफ से बात की। उन्होंने सब रजिस्ट्रार से नाराजगी जताई कि जब कैश चोरी नहीं हुआ था तो रात में ही खंडन क्यों नहीं किया। सब रजिस्ट्रार संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। एआईजी ने पुलिस व मीडिया से कहा कि कोई चोरी नहीं हुई है। तब पुलिस व एसओजी टीम लौट आई। सब रजिस्ट्रार करुणेश वर्मा ने विभागीय उच्चाधिकारियों को पत्र जारी कर लूट की सूचना को भ्रामक बताया।

सीसीटीवी फुटेज से मिली आरोपी की फोटो का अपराधियों की फोटो से मिलान किया जा रहा है। जल्द ही उसका पता लगा लिया जाएगा। घटना की कोई तहरीर नहीं दी गई है। सब रजिस्ट्रार ने लूट की घटना से इन्कार किया है। – घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी

हमारा पूरा कैश लॉकर में रख दिया गया था। युवक जो पेटी उठाकर ले गया है, उसमें केवल कागजात थे। पता नहीं चोरी और लूट का शोर कहां से मच गया। कुछ गया ही नहीं तो क्या तहरीर दी जाए। – एसके मिश्रा, डीआईजी स्टांप


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button