Bareilly News: प्रेमी संग शादी के बाद युवती ने पिता पर लगाया बेचने का आरोप
नवाबगंज। प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी युवती ने अपने पिता पर उसे एक लाख रुपये में बेच देने का आरोप लगाया है। बताया कि बेहोश करने के बाद पिता उसे अपने दो साथियों की मदद से नवाबगंज के एक व्यक्ति के घर छोड़ आया। जैसे-तैसे वह वहां से निकली। इसके बाद उसने प्रेमी के साथ ही शादी कर ली। इसके बाद युवती ने पिता समेत पांच लोगों के खिलाफ थाना नवाबगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र की युवती ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह गांव के ही युवक से प्रेम करती है। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन उसके पिता को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। युवती के मुताबिक उसका पिता लालची है। वह उसे बेचना चाहता था। कुछ महीने पहले पिता ने उसके प्रेमी के खिलाफ थाना जहानाबाद में उसे फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। युवती के कोर्ट में 164 के बयान दर्ज कराने के बाद पुलिस ने मुकदमा खत्म कर दिया।
आरोप है कि पिता ने नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति को उसका एक लाख रुपये में सौदा कर दिया। बेहोश करने के बाद पिता ने अपने साथियों की मदद से उसके घर पहुंचा दिया। नवाबगंज के जिस आदमी को उसे बेचा था वह युवती को कमरे में बंदकर रखता था और पीटता था। पांच मई को वह मौका देखकर वहां से चली आई और अपने प्रेमी के साथ शादी कर ली। अब वह उसी के साथ ही रह रही है। आरोप है कि पिता ने गांव के ही दो लोगों के खिलाफ उसे घर से उठा ले जाने का फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने युवती के पिता समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि युवती की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।


