बरेली

Bareilly News: अकालतख्त एक्सप्रेस निरस्त, यात्रियों ने स्टेशन अधीक्षक का कार्यालय घेरा

Connect News 24

बरेली। कोलकाता से अमृतसर के बीच चलने वाली अकालतख्त एक्सप्रेस को बृहस्पतिवार सुबह अचानक जंक्शन पर निरस्त कर दिया गया। ट्रेन में सवार 1,500 से ज्यादा यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। स्टेशन अधीक्षक के कार्यालय का घेराव कर लिया। आरपीएफ और जीआरपी ने किसी तरह यात्रियों को समझाकर शांत कराया। बाद में ट्रेन का निरस्तीकरण रद्द कर उसे आगे के लिए रवाना किया गया।

कोलकाता-अमृतसर के बीच चलने वाली 12317 अकालतख्त एक्सप्रेस बृहस्पतिवार सुबह 6:50 बजे बरेली आई। जंक्शन पर ट्रेन के ठहराव लेने के साथ ही कंट्रोल रूम से ट्रेन को बरेली में शाॅर्ट टर्मिनेट करने का मेसेज मिला। इसके बाद जंक्शन पर उद्घोषणा कर दी गई कि अकालतख्त एक्सप्रेस को बरेली में रद्द कर दिया गया है। अब यह ट्रेन आगे नहीं जाएगी।

यह सुनते ही यात्री भड़क गए। वे स्टेशन अधीक्षक के कार्यालय का घेराव कर हंगामा करने लगे। यात्रियों का गुस्सा देखकर कंट्रोल रूम सूचना दी गई। आरपीएफ और जीआरपी को मेमो भेजा गया। आरपीएफ निरीक्षक अभिषेक बिजारणियां और जीआरपी निरीक्षक अजीत प्रताप सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। यात्रियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन यात्री मानने के लिए तैयार नहीं थे।

जंक्शन के पावर केबिन ने कंट्रोल रूम को फिर मेसेज देकर हालात के बारे में बताया गया। बाद में 9:30 बजे कंट्रोल रूम से ट्रेन का निरस्तीकरण बरेली के स्थान पर मुरादाबाद में करने का निर्णय लिया। इस दौरान करीब 2:30 घंटे तक यात्री जंक्शन पर हंगामा करते रहे। काफी संख्या में यात्री अन्य माध्यमों से भी रवाना हो गए। बाद में 9:42 बजे अकालतख्त एक्सप्रेस को बरेली से मुरादाबाद की ओर रवाना किया गया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button