Bareilly News: लखनऊ से बरेली के बीच बनेंगे छह नए पुल, तब वाहनों को मिलेगी रफ्तार
बरेली। बरेली-लखनऊ हाईवे पर छह स्थानों पर एक लेन में पुल न होने से रफ्तार में अवरोध बरकरार है। बरेली से सीतापुर के बीच हेमपुर रेलवे क्राॅसिंग पर आरओबी व पांचों स्थानों पर टू लेन पुल बनाए जाने हैं। इसके बाद ही हाईवे पर वाहन रफ्तार भर सकेंगे।
एनएचएआई वर्षों बाद अब टेंडर निकाल रहा है। लखनऊ-बरेली मार्ग पर हेमपुर में आरओबी व पांच नए पुल बनने हैं। हेमपुर में आरओबी के पिलर सात वर्ष से खड़े हैं। पुल की डिजाइन को लेकर असहमति के चलते काम अटक गया था। अब नई डिजाइन तैयार कर रेलवे के मुख्यालय को एनओसी (अनापत्ति) के लिए भेजी गई है। एनएचएआई और रेलवे बोर्ड के अफसरों में सहमति बन गई है। अब सिर्फ पत्र जारी होना है। इसी बीच बरेली-सीतापुर के बीच पांच पुलों के लिए 90 करोड़ रुपये एनएचएआई मुख्यालय ने स्वीकृत किए हैं। दो दिन में टेंडर निकलेंगे। जो फर्म टेंडर लेगी, उसके जरिये काम शुरू कराया जाएगा।
12 वर्ष से अधूरा है हाईवे
बरेली से लखनऊ तक 250 किलोमीटर के सफर को रफ्तार देने के लिए 2010-11 में फोरलेन सड़क का निर्माण शुरू हुआ था, लेकिन निर्माण कर रही निजी फर्म समय पर काम पूरा नहीं कर सकी। अधूरे कार्य का सर्वेक्षण 2022 में किया गया तो छह पुल बनाए जाने की जरूरत सामने आई। इसमें दो पुल अधूरे हैं, जबकि चार नए सिरे से बनने हैं। एनएचएआई मुख्यालय को प्रस्ताव गया तो उसे मार्च 2023 में मंजूरी मिली। अब टेंडर निकाले जाएंगे।
इन पांच स्थानों पर बनेंगे पुल
पिरई नदी पर बरेली- लखनऊ मार्ग पर सीतापुर में टू लेन का पुल पहले से है। सड़क फोरलेन हो चुकी है, लेकिन टू लेन का पुल वर्षों से अधूरा पड़ा है।
शाहजहांपुर में खन्नौत नदी पर पुल बन गया, लेकिन गर्रा नदी पर फोरलेन के हिसाब से पुल नहीं बना। ट्रैफिक टू लेन पर ही चल रहा है। जाम लगता है।
सीतापुर में नवीन चौक पर पिलर दस वर्ष से खड़े हैं, एक किलोमीटर लंबा पुल बनना है।
सीतापुर बाईपास पर पुल का स्ट्रक्चर बना है। पुल नहीं बना।
सीतापुर में ही सराय में पुल का सब स्ट्रक्चर बना है। पुल पूरा होना है।
ये होगा फायदा
मौजूदा समय में आमतौर पर कार से लखनऊ तक जाने में चार घंटे लग जाते हैं, लेकिन जब यह पुल बन जाएंगे तो करीब आधा घंटा बचेगा। आने जाने का ट्रैफिक अलग-अलग लेन पर ही चलेगा। अभी जहां पर पुल नहीं हैं, एक ही तरफ से सभी वाहन गुजरते हैं और कई बार जाम की नौबत आ जाती है।



