Bareilly News: बार सचिव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोर्ट में अर्जी
बरेली। बार एसोसिएशन के सचिव वीपी ध्यानी पर फर्जी दस्तावेज बनाने और धोखाधड़ी के आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए सीजएम कोर्ट में अर्जी डाली गई। कोर्ट ने थाना कोतवाली से रिपोर्ट तलब की है।
रिठौरा निवासी अधिवक्ता वीरेंद्रपाल गुप्ता ने अर्जी में कहा कि बार सचिव ने रजिस्ट्रार ऑफ सोसाइटीज के निर्देश पर चार्टर्ड एकाउंटेंट को आय-व्यय का ब्योरा नहीं दिया है। रजिस्ट्रार के यहां फर्जी जनरल हाउस के कागजात को असली के रूप में पेश किया। अर्जी में सचिव पर बार की संपत्ति हड़पने का भी आरोप लगाया।
अर्जी में कहा कि वकीलाें की मांग के बाद भी बार सचिव ने आम सभा नहीं बु्लाई। कोर्ट ने थाने से रिपोर्ट मांगते हुए सुनवाई के लिए 18 जुलाई की तारीख नियत की है।
बार के अध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव का कहना है कि जिन अधिवक्ता ने अर्जी डाली है, इसके लिए उनकी कानूनी हैसियत ही नहीं है। कोर्ट से कोई आदेश होता है तो उसका कानूनी जवाब दिया जाएगा। बार एसोसिएशन की मर्यादा भंग करने वाले इस अधिवक्ता के खिलाफ शिकायत आने पर कार्यवाही की जाएगी। संवाद



