Bareilly News: ईंटों से भरी ट्राॅली की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Tue, 31 Oct 2023 01:55 AM IST
गुलड़िया। सिरौली-अलीगंज मार्ग पर बड़ा गांव चौकी के पास सोमवार को बाइक सवार ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे आ गया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।
सिरौली थाना क्षेत्र के गांव मदकरा निवासी किशन लाल (30 वर्ष) बड़ा गांव में अपनी ससुराल आए थे। दोपहर बाद वह अपने गांव लौट रहे थे। बताते हैं कि चौकी बड़ा गांव से 200 मीटर आगे जैसे वह चकरोड से सड़क पर बाइक लेकर चढ़े, तभी सिरौली की ओर से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गए और वह ट्राॅली का पहिया उनके ऊपर से निकल गया। घायल किशन लाल को पुलिस ने बरेली भेजा, लेकिन रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
इधर, वहां मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर चालक विजय प्रजापति को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। विजय गांव शिवपुरी का रहने वाला है। इंस्पेक्टर सरोली राजेश कुमार ने बताया कि घायल को बरेली भेजा गया था, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। परिजनों का इंतजार किया जा रहा है। जैसे ही तहरीर मिलेगी, रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।



