Bareilly News: सांड़ ने महिला को फेंका, ट्रक के नीचे आने से मौत
सिरौली। कस्बे के मुख्य बाजार में खरीदारी को आईं मुक्ता बेगम को छुट्टा सांड़ ने सींग से उठाकर पटक दिया। पीछे से आ रहा ट्रक उन्हें कुचलते हुए निकल गया। गंभीर रूप से घायल मुक्ता देवी ने इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
पलता गांव की रहने वाली मुक्ता बेगम पत्नी मुबारक खां शुक्रवार को खरीदारी करने के लिए सिरौली आईं थीं। मुरादाबाद बस अड्डे के पास एक छुट्टा सांड़ ने उनके ऊपर हमला कर दिया। सांड़ ने उन्हें सींग से उठाकर सड़क पर पटक दिया। पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। पहिये के नीचे आने की वजह से उनका एक पैर कुचल गया।
मौके पर जुटी भीड़ ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। कस्बा इंचार्ज देशपाल सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। तुरंत ही एंबुलेंस बुलाकर मुक्ता बेगम को अस्पताल भेजा गया। रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। जानकारी पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को थाने में खड़ा कराया है। चालक की तलाश की जा रही है। अब तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। कोतवाल राजेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
कई लोगों को घायल कर चुके छुट्टा पशु
कस्बे में छुट्टा पशु अब तक कई लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुके हैं। पिछले दिनों मोहल्ला साहूकारा के रहने वाले अशोक पर हमला कर सांड़ ने उन्हें घायल कर दिया था। मोहल्ला प्यास में डॉक्टर नाजिम बेग के पांच साल के पुत्र आकिब पर उस समय हमला किया जब वह सड़क पर खेल रहा था। मोहल्ला पांडान में सत्यदेव पांडे पर टहलते समय हमला कर सांड़ ने उन्हें जख्मी कर दिया था।
शिकायत के बाद भी आश्रय स्थल नहीं भेजे जा रहे छुट्टा पशु
पशुधन मंत्री के क्षेत्र में छुट्टा पशुओं के आतंक से लोग परेशान हैं। कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बाद भी अब तक इनको आश्रय स्थल भेजने की कोई व्यवस्था नहीं बनाई गई है।



