बरेली

Bareilly News: मंगेतर के फोन से की कॉल… तेरे प्रेमी को मार दिया, सहमी छात्रा ने दे दी जान

Connect News 24

बरेली। संजयनगर निवासी 11वीं की छात्रा अनामिका ने शुक्रवार रात फंदा लगाकर जान दे दी। उसके मंगेतर ने जो राज खोला, उसे सुनकर मृतका के परिजन व पुलिस भी अवाक रह गई। पता लगा कि मंगेतर को कब्जे में लेकर उसी के फोन से उसकी हत्या की सूचना छात्रा को दी गई थी। छात्रा की मां ने मोहल्ले के चार शोहदों पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी फरार हो गए हैं।

होली चौक संजयनगर निवासी सरिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी अनामिका 11वीं की छात्रा थी। उसकी जान पहचान गोसाई गौटिया के आलोक श्रीवास्तव से थी। आलोक व उसके घरवालों का उनके घर आना-जाना था। आलोक के घरवाले अनामिका से उसकी शादी करना चाहते थे। अनामिका के परिजनों ने उसके बालिग होने पर शादी कराने की हामी भर दी थी। मोहल्ले के कुछ लड़के दोनों परिवारों की नजदीकी से रंजिश मानते थे।

सरिता के मुताबिक शुक्रवार रात आठ बजे जब आलोक अपने तुलाशेरपुर स्थित हेयर कटिंग सैलून को बंद कर रहा था, तभी हथियारों से लैस होकर पहुंचे इन लड़कों ने उसे कब्जे में ले लिया। उसकी जमकर पिटाई की। रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। आलोक के ही मोबाइल फोन से आरोपियों ने अनामिका को कॉल कर बताया कि उन्होंने आलोक को जान से मार दिया है। इसी सदमे में रात साढ़े दस बजे अनामिका ने खुदकुशी कर ली।

अनामिका की मौत के बाद परिजनों ने मॉडल टाउन चौकी प्रभारी को तहरीर दी। आरोप है कि शनिवार सुबह तक वह मामले को लटकाए रहे। अनामिका के परिजन जब थाने पहुंचे तो चौकी प्रभारी भी वहां मौजूद थे। उन्होंने परिजनों को इंस्पेक्टर से भी नहीं मिलने दिया। इस बीच परिवार के ही किसी सदस्य ने अधिकारियों को ट्वीट कर दिया तो मामला इंस्पेक्टर अमित पांडेय के संज्ञान में आया। उन्होंने परिवार से तहरीर ली। सरिता की ओर से रितिक ठाकुर, आकाश ठाकुर, लकी लभेड़ा और हिमांशु निवासी संजयनगर के खिलाफ अनामिका को आत्महत्या के लिए मजबूर करने की रिपोर्ट लिखाई गई।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button