Bareilly News: वन स्टॉप सेंटर से गई कॉल, बेटी के खाने का पैसा जमा करा दो
बरेली। कस्तूरबा विद्यालय से लापता होने के बाद मिली छात्रा वन स्टॉप सेंटर में वक्त गुजार रही है। सोमवार को उसकी काउंसलिंग की जाएगी। हालांकि उसके भोजन को लेकर कॉल कर पैसे मांगे गए। सोमवार को उसके परिजन समिति के अध्यक्ष से इसकी शिकायत करेंगे।
छात्रा तनु राठौर के लापता होने के मामले में दो रिपोर्ट दर्ज की गई थीं। शनिवार को छात्रा मिली तो उसे लेकर पुलिस बाल कल्याण समिति के समक्ष पहुंची। वहां से उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया। छात्रा के पिता धन सिंह ने बताया कि सोमवार को उन्हें वन स्टॉप सेंटर से कॉल करके बेटी के खाने के पैसे जमा कराने के लिए कहा गया है। उन्हें नहीं लगता कि इसके लिए अलग खर्चा जाता होगा, फिर भी इस मामले में सोमवार को जानकारी करेंगे।
बताया कि जब कॉल आई तो उन्होंने बेटी से भी बात की थी। उन्हें उम्मीद है कि बेटी परिवार को सौंप दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ साल पहले एक बार बेटी छत से गिर गई थी। उसके सिर में चोट लगी थी। तभी से उसका व्यवहार कुछ बदल गया है। पहले भी एक-दो बार घर से निकली पर गांव में घूमकर लौट आई थी।
सेंटर में पांच दिन तक किशोरियों व महिलाओं को रखा जा सकता है। इस अवधि में उनके खाने-पीने की व्यवस्था यहीं होती है, इसके लिए कोई फीस नहीं जाती। किसी और ने कॉल की होगी। – चंचल गंगवार, प्रबंधक, वन स्टॉप सेंटर



