बरेली

Bareilly News: मनमानी कटौती से उपभोक्ता त्रस्त, अभियंता मस्त

Connect News 24

बरेली। शहर के लोगों को शुक्रवार को भी बिजली कटौती ने बेचैन किया। लोकल फाॅल्ट, स्मार्ट सिटी के कार्यों की वजह से शटडाउन और अघोषित कटौती से शहर के 1.5 लाख लोग जूझते रहे। बिजली न होने के कारण लोग पानी के लिए भी तरस गए। कटौती की वजह जानने के लिए उपभोक्ताओं ने बिजली निगम के अभियंताओं को कॉल किया पर उन्होंने कोई रेस्पॉन्स नहीं दिया। सिविल लाइंस, हरुनगला, सुभाषनगर इलाकों में सर्वाधिक कटौती हुई।

सिविल लाइंस टू सबस्टेशन के कमल टाकीज, मिशन कंपाउंड के चौपुला, कुतुबखाना के जिला अस्पताल और रामपुर बाग के अग्रसेन पार्क फीडर पर सुबह छह से नौ बजे तक स्मार्ट सिटी के कार्यों की वजह से शटडाउन रहा। रामपुर बाग उपकेंद्र से 12 बजे तक आपूर्ति चालू नहीं हो सकी। रामपुर बाग समेत गांधी उद्यान, चौकी चौराहा, अय्यूब खां चौराहा, अग्रसेन पार्क, चौपुला, कुतुबखाना और जिला अस्पताल के आसपास के इलाकों में आपूर्ति ठप रही।

सुभाषनगर, मढ़ीनाथ में समस्या बरकरार

बृहस्पतिवार को किला नदी के पास 33 केवी लाइन के दो खंभे झुक जाने के कारण सुभाषनगर, मढ़ीनाथ समेत कई इलाकों में 17 घंटे तक बिजली कटौती की गई थी। शुक्रवार को भी इन इलाकों में समस्या बरकरार रही। हरुनगला इलाके में सुबह सात से दोपहर दो बजे तक लोगों को कटौती का सामना करना पड़ा। सनराइज कॉलोनी में भी छह से सात घंटे कटौती की गई। पंजाबपुरा साहूकारा के राकेश कुमार सक्सेना, आदर्श रेजीडेंसी के सर्वेश कुमार, साहूकारा के वैभव कुमार, छोटी बमनपुरी के वरुण रस्तोगी, डोहरा रोड से भुवनेश ने भी कटौती की शिकायत दर्ज कराई।

उपभोक्ताओं का दर्द

मनमाने ढंग से कटौती की जा रही है। अधिकारी कॉल रिसीव नहीं करते। एक घंटे की सूचना देकर पांच घंटे तक कटौती आम बात हो गई है। – मुन्नी देवी, कृष्णानगर

बृहस्पतिवार को पूरा दिन बिजली आपूर्ति ठप रही। शुक्रवार को भी यही हाल रहा। बिजली उपकेंद्र से कटौती के संबंध में सही जानकारी नहीं दी जाती। – अमन प्रीत, सुभाषनगर

वर्जन

शुक्रवार को कुछ इलाकों में लाइन शिफ्टिंग और स्मार्ट सिटी के तहत कार्य कराए गए। इस दौरान वहां तीन से चार घंटे तक कटौती की गई। कुछ स्थानों से लोकल फाॅल्ट की सूचना भी मिली हैं। – अमित आनंद, अधिशासी अभियंता


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button