Bareilly News: झाड़ियों में मिला युवक का शव, भाई बोला- हत्या की
फतेहगंज पश्चिमी। कस्बा के पास रहपुरा अंडरपास की झाड़ियों के पास 30 वर्षीय युवक का शव मिला, जो बेहद सड़ा-गला था। परिवार ने कपड़ों से पहचान कर ली तो भाई ने हत्या का आरोप लगाया। विसरा सुरक्षित करने के साथ ही शव की सटीक पहचान के लिए डीएनए जांच की संस्तुति की गई है।
शव के पेट से ऊपर का हिस्सा गायब था। कुछेक हड्डी ही बची थीं। थोड़ी देर में शव की शिनाख्त कस्बा के मोहल्ला बसंत विहार कॉलोनी निवासी मुकेश ने अपने छोटे भाई बृजेश शर्मा के रूप में की। मुकेश ने इंस्पेक्टर क्राइम अनिल कुमार के सामने भाई हत्या की आशंका जताई।
उन्होंने बताया कि 22 अक्तूबर को वह ऑटो लेकर अपनी ससुराल ग्राम सरकड़ा थाना फरीदपुर जाने के लिए कहकर निकला था, इसके बाद घर नहीं लौटा। काफी खोजबीन की गई थी, लेकिन पता नहीं लग सका। अब कपड़े देखकर शव पहचान सके हैं।
बृजेश शर्मा नशे का आदी बताया जा रहा है। उसके शव के पास नशे के इंजेक्शन आदि सामान मिला है। उसके खिलाफ चार मुकदमे भी दर्ज हैं। परिवार के आरोपों की भी जांच कराई जाएगी। – मुकेश चंद्र मिश्रा, एसपी देहात



