Bareilly News: घने बादल मंडराएंगे पर तेज बारिश के आसार कम
बरेली। शनिवार से शुरू बारिश का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। दिन भर धूप रही मगर शाम से देर रात तक रुक-रुककर दस मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने आगे भी बादल मंडराने की उम्मीद जताई है।
चार दिनों में अब तक 57 मिमी बारिश हो चुकी है। बुधवार को दिन भर बारिश से निजात मिली पर शाम साढ़े पांच बजे से फिर बारिश शुरू हो गई जो देर रात तक जारी रही। आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के मुताबिक लगातार हो रही बारिश से हवा में नमी का स्तर 80 फीसदी पहुंच गया है। लिहाजा, दिन में धूप बेअसर साबित हो रही है। पहाड़ों की हवा सुबह और शाम सिहरन का अहसास करा रही है। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री कम 29.3 डिग्री और न्यूनतम सामान्य से छह डिग्री कम 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ब्यूरो



