बरेली

Bareilly News: सर्वजीत को फिर बैरक में डाला, अब जमानत की कोशिश में भूमाफिया गैंग

Connect News 24

बरेली। एलायंस बिल्डर्स के पार्टनर सर्वजीत उर्फ बिट्टू बख्शी को जेल प्रशासन ने दोबारा से बैरक में डाल दिया है। सीने में दर्द के बहाने वह जेल के अस्पताल में भर्ती हो गया था। भूमाफिया गैंग अब उसकी जमानत की कोशिश में जुटा हुआ है। अदालत में कल उसकी जमानत अर्जी पर सुनवाई होनी है।

भोजीपुरा के बिलवा में जमीन की खरीद-फरोख्त में कागजातों की हेराफेरी के मामले में सर्वजीत बख्शी को केंद्रीय कारागार-टू भेजा गया था। सर्वजीत एलायंस बिल्डर्स के निदेशकों का पुराना और भरोसेमंद साथी है। वह उनकी कई मुखौटा कंपनियों में पार्टनर भी है।

इज्जतनगर थाने में सर्वजीत के बेटे ईशान, प्रबंधन का काम देखने वाली महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ दर्ज मुकदमे की विवेचना अंतिम चरण में है। इस बीच सीने में दर्द के बहाने सर्वजीत जेल के अस्पताल में भर्ती हो गया था। अमर उजाला ने खबरें प्रकाशित कीं तो सर्वजीत बख्शी को दोबारा अस्पताल से निकालकर बैरक में डाल दिया गया।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक विपिन कुमार मिश्रा ने बताया कि बंदी को बता दिया गया है कि बहानेबाजी नहीं चलेगी। स्थानीय अदालत में सर्वजीत की जमानत अर्जी खारिज हो चुकी है। जिला एवं सत्र न्यायालय में पांच मई को उसकी जमानत अर्जी पर सुनवाई होनी है। भूमाफिया गैंग के पैरोकार वकीलों के चक्कर काट रहे हैं। पुलिस की ओर से पैरवी कमजोर पड़ी तो सर्वजीत को रिहाई मिल सकती है।

नए साझीदारों ने दफ्तरों से रिकॉर्ड हटाया

एलायंस ग्रुप पर संकट के बादल मंडराए तो उनके तमाम पार्टनरों ने खुद को इनसे अलग दिखाने की कागजी खानापूरी की थी। सर्वजीत के साथ ही कुछ और बिल्डरों के नाम भूमाफिया के दोस्त के तौर पर सामने आए हैं। इस ग्रुप की कई कंपनियों में कुछ बिल्डरों की हिस्सेदारी का पता लगने के बाद पुलिस ने जांच की दिशा मोड़ दी है। ऐसे बिल्डरों व भूमाफिया के नाम विवेचना में खुल सकते हैं। ये लोग प्रवर्तन निदेशालय की जांच के दायरे में भी आ सकते हैं। हालांकि, माहौल भांपकर ये लोग रिकॉर्ड समेटने लगे हैं। वे खातों से धन निकासी भी कर रहे हैं। एलायंस ग्रुप के भूमाफिया निदेशकों से जुड़ाव का पुराना रिकॉर्ड सार्वजनिक होने पर इनकी मुसीबतें बढ़ सकती हैं।

एलायंस की 125 करोड़ की संपत्ति हो चुकी है कुर्क

सोमवार को कैंट पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने 20 करोड़ रुपये कीमत के स्टेडियम रोड स्थित एलायंस बिल्डर्स के कार्यालय को कुर्क किया था। मंगलवार को महानगर कॉलोनी स्थित निर्माणाधीन होटल अग्रांते कार्यालय, व्यावसायिक भवन, गार्डन और बंद पड़े पेट्रोल पंप को कुर्क किया गया। इसकी कीमत 70 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इससे पहले प्रथम चरण में प्रशासन इस समूह की 35.11 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर चुका है। इसमें आरोपियों की कीर्तिनगर, जनकपुरी, शाहदाना व रेजिडेंसी कॉलोनी स्थित चार कोठियां, ट्यूलिप टावर में किराये पर चल रहे चार शोरूम, 19 बैंक खाते और 17 वाहन शामिल हैं। अब संपत्ति चिह्नित करने के लिए तीसरा चरण भी शुरू किया जाएगा।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button