बरेली

Bareilly News: मुरदाबाद-बरेली-रोजा के बीच फोर लाइन होगा रेलवे ट्रैक

Connect News 24

बरेली। मुरादाबाद-लखनऊ रेल ट्रैक उत्तर रेलवे का व्यस्ततम ट्रैक है। इसके चलते 328 किमी लंबे रूट पर ट्रेनों को रफ्तार नहीं मिल पा रही है। समय से चलने वाली 95 फीसदी ट्रेनों की रफ्तार मुरादाबाद-लखनऊ के बीच थम जाती है। इस समस्या को दूर करने के लिए रेल प्रशासन ने मुरादाबाद-लखनऊ रेल रूट को फोर लाइन करने का निर्णय लिया है।

वर्तमान में यह रेल रूट अप-डाउन टू लाइन है। मुरादाबाद में दिल्ली, सहारनपुर, काशीपुर लाइन लिंक होती हैं। बरेली में पीलीभीत, बदायूं, लालकुआं, लखनऊ, अलीगढ़ और सीतापुर की लाइनें लिंक होती हैं। रोजा में सीतापुर और शाहजहांपुर में पीलीभीत रेल लाइन भी इसी रेल लाइन से लिंक होती है।

मुरादाबाद-बरेली के बीच ट्रेनों को डायवर्ट करने के लिए कोई वैकल्पिक लाइन नहीं है। इसके अलावा लांग हाल मालगाड़ियों के ठहराव के लिए लिए भी किसी स्टेशन पर 2000 मीटर लंबी लूप लाइन भी नहीं है। पैसेंजर ट्रेनों के अलावा इस रूट पर मालगाड़ियों का भी काफी दबाव रहता है।

ऐसे में रेलवे प्रशासन ने बरेली-रोजा और बरेली-मुरादाबाद के बीच रेल लाइन को टू से फोर लाइन करने का निर्णय लिया है। पहले चरण में बरेली-रोजा के बीच सर्वे होना है।

मुरादाबाद-लखनऊ के बीच लांग हाल मालगाड़ियों के ठहराव के लिए रसुइया स्टेशन पर 1500 मीटर की लूप लाइन तैयार कर ली गई है। बंथरा स्टेशन पर लूप लाइन का काम शेष है। बरेली-रामपुर के बीच डूंगनपुर रेलवे स्टेशन पर भी 2000 मीटर की लूप लाइन प्रस्तावित है। लूप लाइनें चालू होने के बाद मालगाड़ियों और धीमी गति की ट्रेनों को इस पर लेकर अन्य ट्रेनों को पास किया जा सकेगा।

कॉसन की स्थिति

बरेली-लखनऊ रेल खंड- 45

बरेली-रोजा रेल खंड- 21

कॉसन में ट्रेनों की रफ्तार- 03 से 30 किमी प्रति घंटा

मुरादाबाद-रोजा के बीच टू लाइन से फोर लाइन रेल ट्रैक प्रस्तावित है। इस रूट पर रेल यातायात का भारी दबाव है। रेल ट्रैक को फोर लाइन बनाने के लिए मुख्यालय की टीम जल्द सर्वे शुरू कर देगी। मुरादाबाद-रोजा-लखनऊ रेल खंड में कई स्टेशनों पर अतिरिक्त लूप लाइन का काम भी चल रहा है। – अजय नंदन, डीआरएम, मुरादाबाद रेल मंडल


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button