Bareilly News: पहचान के लिए कराया जाएगा डीएनए टेस्ट
भुता। खरदाह इलाका कुआंडांडा गांव में बृहस्पतिवार को कंकाल मिलने का मामला पोस्टमार्टम के बाद उलझ गया है। डॉक्टर कंकाल करीब दो महीने पुराना होने की बात कह रहे हैं। वहीं, कंकाल जिस युवक का बताया जा रहा है वह लापता ही पांच दिन पहले हुआ है। पहचान के लिए पुलिस अब डीएनए जांच कराने की बात कह रही है।
बृहस्पतिवार को खरदाह इलाका कुआंडांडा गांव में एक युवक का सिर कटा कंकाल खेत में पड़ा मिला था। गांव के रहने वाले भानु कुमार ने कंकाल बेटे धीरेंद्र कुमार (25) का होने की बात कही। उन्होंने कपड़े और जूतों से पहचान की थी। धीरेंद्र आठ जुलाई से लापता था। जहां कंकाल मिला उसके बराबर में ही धीरेंद्र का खेत है। पांच दिन पहले लापता युवक का शव कंकाल में तब्दील कैसे हो गया इसको लेकर पुलिस दुविधा में थी।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद कंकाल दो महीने पुराना होने की बात सामने आई। इसके बाद विसरा सुरक्षित कर लिया गया। मामले में सीओ फरीदपुर गौरव सिंह ने बताया कि धीरेंद्र के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाने के साथ डीएनए जांच कराई जाएगी।
जेब में मिला मोबाइल फोन धीरेंद्र का
कंकाल मिलने के बाद पुलिस ने कपड़ों की तलाशी ली थी। इस दौरान जेब से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। यह मोबाइल फोन धीरेंद्र का ही है। बड़ा सवाल यह है कि अगर कंकाल धीरेंद्र का नहीं है तो धीरेंद्र के कपड़े और मोबाइल फोन वहां कैसे पहुंचे।



