Bareilly News: पुराने किराये पर नए रूटों पर ई-बसों का संचालन शुरू
बरेली। तीन नए रूटों पर मंगलवार से ई-बसों का संचालन शुरू हो गया है। हालांकि, अब तक किराया कम नहीं किया गया है। ऐसे में पहले दिन कई स्थानों पर किराये को लेकर परिचालकों और यात्रियों के बीच विवाद भी हुआ। इधर, अधिकारियों का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन (ईटीएम) में नया किराया फीड कराया जा रहा है।
सिटी बस सर्विसेज लिमिटेड बोर्ड की अध्यक्ष मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बोर्ड बैठक में सिटी बसों का किराया कम करने के साथ बरेली-फरीदपुर, बरेली-भोजीपुरा और बरेली-शाही के बीच उनका संचालन शुरू करने का निर्णय लिया गया था। फरीदपुर और भोजीपुरा रोड पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के टोल प्लाजा होने के बाद इन दोनों रूटों पर बसों का संचालन सीमित कर दिया गया।
मंगलवार को फरीदपुर रोड पर इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी और भोजीपुरा रोड पर सिद्धि विनायक इंस्टीट्यूट तक ई-बसों का संचालन किया गया। बरेली-शाही के बीच टोल प्लाजा नहीं है। ऐसे में इस रूट पर बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है।
सिटी बस सर्विसेज के प्रबंध निदेशक दीपक चौधरी के पीआरओ निर्भय गुप्ता ने बताया कि फिलहाल फरीदपुर रोड पर इन्वर्टिस और भोजीपुरा रोड पर सिद्धि विनयक इंस्टीट्यूट तक बसों का संचालन किया जा रहा है। ईटीएम में किराया फीड किया जा रहा है। घटा हुआ किराया एक-दो दिन में लागू हो जाएगा।
किराये को लेकर परिचालक का अधिवक्ता से झगड़ा
बरेली। अधिवक्ता इमरान अंसारी मंगलवार शाम पांच बजे फतेहगंज से बरेली आने के लिए सिटी बस में सवार हुए थे। परिचालक ने उनसे टिकट के 27 रुपये मांगे। इस पर अधिवक्ता ने परिचालक से कहा कि अब किराया राउंड ऑफ में है। किराया 20, 25 या 30 रुपये होना चाहिए। इसे बोर्ड ने मंजूरी भी दे दी है। इस पर परिचालक ने इस तरह का कोई आदेश न होने की बात कही तो दोनों के बीच तकरार हो गई। अधिवक्ता ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की है। संवाद



