Bareilly News: दूर नहीं बनाए जाएंगे परीक्षा केंद्र, होगी जियो टैगिंग
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Sat, 28 Oct 2023 02:44 AM IST
बरेली। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बार विद्यार्थियों को परीक्षा देने ज्यादा दूर नहीं जाना पड़ेगा। नामित नोडल अधिकारी पहले संबंधित विद्यालयों का निरीक्षण कर दूरी व उपलब्ध सुविधाओं आदि को परखेंगे। उनकी रिपोर्ट पर ही केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा। इस बार केंद्रों की जियो टैगिंग भी होगी। इससे सचल दल को केंद्र का सटीक लोकेशन मिल सकेगा। बोर्ड के क्षेत्रीय सचिव नीरज कुमार पांडेय ने यह जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया 30 अक्तूबर तक पूरी कर ली जाएगी। केंद्र निर्धारण के लिए स्कूलों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। इसके लिए प्रधानाचार्यों ने ऑफलाइन आवेदन किए हैं। विभाग की ओर से ऐसे केंद्रों का चयन किया जा रहा है जिनमें सीसीटीवी कैमरे और वॉयस रिकॉर्डर की व्यवस्था है। स्ट्रॉन्ग रूम, डबल लॉक अलमारी, चहारदीवारी, शौचालय और शुद्ध पेयजल की भी व्यवस्था होनी चाहिए। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तहसील स्तर पर उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में समितियां गठित कर केंद्रों के भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। समिति की रिपोर्ट के आधार पर ही केंद्रों का निर्धारण होगा।



