बरेली

Bareilly News: शेरगढ़ में जमीन के विवाद में किसान की हत्या

Connect News 24

बरेली/शेरगढ़। शेरगढ़ थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव में जमीन को लेकर हुए विवाद में लाठी और कांता से हमला कर किसान की हत्या कर दी गई। दूसरे समुदाय से जुड़े हमलावर फरार हो गए हैं, जबकि एक आरोपी घायल हुआ है। घटना के बाद एसएसपी ने मौके पर जाकर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पिपरिया गांव निवासी इकराम खां (45) ने सालभर पहले पूर्व प्रधान तेजराम से खेत खरीदा था। इससे सटे राजेश का खेत है। खेत खरीदने के बाद से ही इकराम और राजेश पक्ष में अनबन थी। महीनेभर पहले भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। बताते हैं कि बुधवार शाम इकराम का बेटा रिजवान और भतीजा नाजिम खेत की सिंचाई करने गए थे। आरोप है कि राजेश पक्ष ने इन पर हमला कर दिया।

रिजवान ने पिता इकराम को कॉल करके विवाद की सूचना दी। इकराम घर से खेत की ओर चले। चकरोड पर मजार के पास पहुंचते ही दूसरी दिशा से आए राजेश पक्ष ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि लाठी-डंडों और कांते से वार किए गए। कांते से गर्दन पर भी गहरा घाव हुआ।

आरोपी पक्ष उन्हें मरा समझकर मौके से फरार हो गया। थोड़ी देर में ही मौके पर पहुंचे इकराम के परिजनों ने उन्हें उठाया और सीधे भोजीपुरा के निजी मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां इकराम को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर एसएसपी प्रभाकर चौधरी घटनास्थल पर और सीओ बहेड़ी तेजवीर सिंह भोजीपुरा पहुंच गए। अधिकारियों ने पीड़ित पक्ष से बात कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने दबिश दी तो आरोपी पक्ष फरार हो गया। सीओ ने बताया कि राजेश के भी सिर में काफी चोट है। तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट लिखकर पुलिस कार्रवाई करेगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button