Bareilly News: जर्जर लाइन में फाॅल्ट… गांधीपुरम में 17 घंटे बिजली गुल
बरेली। गांधीपुरम में जर्जर बिजली लाइन में फाॅल्ट होने से बृहस्पतिवार रात आपूर्ति ठप हो हुई। कॉलोनी के लोग 17 घंटे तक बिजली के लिए तरस गए। फ्रिज में रखा भोजन खराब हो गया। फाॅल्ट ठीक होने में देरी पर नागरिक मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंच गए।
मुख्य अभियंता राजीव शर्मा ने उन्हें अधिशासी अभियंता के पास भेजा। अधिशासी अभियंता नहीं मिले तो विधान परिषद सदस्य हरि सिंह ढिल्लो से मिलकर लोगों ने शिकायत की। एमएलसी ने डीएम से बात कर दस दिन में जर्जर बिजली लाइन बदलने के निर्देश दिए। साथ ही अवगत कराया कि अधिशासी अभियंता उमेश चंद्र सोनकर ने 12 जून 2022 को 10,54,988 रुपये का एस्टीमेट बनवाया था, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हो सका। वन राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार ने 10 मई 2022 को पत्र लिखा था। नागरिक अभी तक इतंजार कर रहे हैं।
सिर को छू जाते हैं तार
80-100 मीटर तक लंबे तार जर्जर हैं। तार इतने नीचे तक लटके हुए हैं कि वे बाइक सवारों के सिर को छू जाते हैं। आने-जाने वालों को खतरा है। – रविंद्र कुमार, गांधीनगर
नागरिक राज्यमंत्री से मिले। अधिशासी अभियंता से लेकर मुख्य अभियंता के पास जाकर व्यथा कही, पर समस्या का समाधान नहीं हो सका। – सीएल वर्मा, गांधीनगर
किला क्षेत्र के बानखाना में 250 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक जाने से स्टेट बैंक कॉलोनी, बीसी बैंक काॅलोनी, मौलानगर, गुलाब नगर, सुर्खा, बानखाना, आनंद विहार कॉलोनी में बृहस्पतिवार को रात 10 बजे से आपूर्ति ठप है। स्टेट बैंक कॉलोनी निवासी नितिन सक्सेना ने बताया कि जेई ने फोन कॉल रिसीव नहीं की। मोमबत्ती की रोशनी में भोजन पकाना और खाना पड़ा। जेई गोविंद चौहान ने बताया कि 8.45 बजे ट्रांसफार्मर खराब होने से सूचना आई थी, उसे ठीक करा दिया था। शुक्रवार को दिन में 11 बजे तय हुआ कि अब यह ट्रांसफार्मर नहीं चलेगा तो शाम को ट्राली ट्रांसफार्मर मंगाया गया। उन्होंने बताया कि रात 10 बजे तक आपूर्ति सुचारु हो जाएगी।
किला सबस्टेशन के 28,000 उपभोक्ताओं और 1.5 लाख आबादी को 12 घंटे बिजली नहीं मिलेगी। शनिवार को दिन में 11 से रात में 11 बजे तक सभी नौ फीडर बंद रहेंगे। इस दौरान ताजियेदारी होगी।



