Bareilly News: तालाब में डूबकर छात्र की मौत, प्रधानाध्यापक समेत शिक्षकों पर रिपोर्ट
फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। थाना क्षेत्र के गांव रुकुमपुर निवासी छठवीं के छात्र अनमोल की बृहस्पतिवार दोपहर गांव के पास तालाब में डूबकर मौत हो गई। पिता मैकूलाल ने इस मामले में प्रधानाध्यापक समेत शिक्षकों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिन्होंने एक घंटे पहले बारिश होने पर स्कूल में बस्ते जमा करके बच्चों की छुट्टी कर दी थी।
रुकुमपुर निवासी मैकूलाल का बेटा अनमोल (12) पास के ही गांव माधौपुर के परिषदीय विद्यालय में छठवीं का छात्र था। बृहस्पतिवार सुबह 7 बजे वह स्कूल गया था। दोपहर एक बजे बारिश होने लगी तो स्कूल स्टाफ ने बच्चों की छुट्टी कर दी। सभी के बैग स्कूल में ही रख लिए और बच्चों को खाली हाथ घर भेज दिया। अनमोल घर न जाकर किसी तरह तालाब की ओर पहुंच गया और उसमें डूबकर उसकी मौत हो गई। काफी देर तक अनमोल घर नही पहुंचा तो मैकूलाल ने उसकी तलाश की। गांव में पता नहीं चला तो वह तालाब की ओर गए।
तालाब किनारे अनमोल की चप्पलें और कपड़े रखे मिले। संदेह के आधार पर उन्होंने ग्रामीणों को बुलाया तो शाम ढले तालाब से अनमोल का शव निकाला जा सका। अनमोल पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था।
पिता मैकूलाल ने स्कूल की प्रधानाध्यापक सवी फातिमा और स्टाफ की लापरवाही बताकर थाने में तहरीर दी। कहा कि स्कूल वाले अगर छुट्टी नहीं करते, बच्चों को बारिश में रोक लेते तो अनमोल की मौत नहीं होती। यह स्कूल की बड़ी लापरवाही है। पोस्टमार्टम में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले की जांच की जा रही है, शीघ्र ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मैंने मामले में जानकारी की है। ग्रामीणों ने गलत रिपोर्ट लिखाई है। घटना दो बजे के बाद की है। शिक्षकों ने स्कूल समय पर ही बंद किया। स्कूल के अन्य बच्चों से इस बारे में बात की तो पता चला है कि तीन-चार बच्चे एक साथ तालाब में नहाने गए थे और यह घटना हो गई। मामले की जांच बीईओ फतेहगंज पश्चिमी कर रहे हैं। – संजय सिंह, बीएसए



