Bareilly News: अर्थशास्त्र के दस सवालों में से पांच गलत आए, होगी जांच
बरेली। बरेली कॉलेज में बीते दिनों हुई अर्थशास्त्र चतुर्थ सेमेस्टर की मिड टर्म परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों ने प्रश्नपत्र में दस में से पांच सवाल गलत होने का आरोप लगाया। साथ ही, परिणाम में फेल होने की आशंका जताते हुए प्राचार्य से परिणाम संशोधित कराने की मांग की।
शनिवार दोपहर करीब एक बजे अर्थशास्त्र के विद्यार्थियों ने प्राचार्य प्रो. ओपी राय को ज्ञापन सौंपा। कहा कि प्रश्नपत्र के दस सवाल में से पांच गलत थे। तीन सवाल अस्पष्ट थे और दो की भाषा भी सही नहीं थी। लिहाजा, जवाब देना मुश्किल था। महज पांच सवालों के ही जवाब दिए जा सके। परिणाम में प्रश्नपत्र में दर्ज अस्पष्ट सवालों के भी अंक जोड़ने की मांग की, क्योंकि जब सवाल ही सही नहीं थे तो जवाब गलत होना है। मामले का संज्ञान लेकर प्राचार्य ने तत्काल जांच कमेटी गठित कर जांच के निर्देश दिए। प्रश्नपत्र के 50 फीसदी सवाल गलत पूछे जाने की पुष्टि पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन विद्यार्थियाें को दिया। बता दें कि मिड टर्म परीक्षा के प्रश्नपत्र विभाग में ही तैयार होते हैं।



